भारतीय जनता पार्टी की विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता आज दोपहर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आज रामलीला मैदान में दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह के लिए एडवाइजरी जारी की है।

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर ट्रैफिक एडवाइजरी शेयर करते हुए लिखा, “20 फरवरी, 2025 को राम लीला मैदान, नई दिल्ली में दिल्ली के माननीय सीएम के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। कृपया एडवाइजरी का पालन करें।”

एडवाइजरी के अनुसार, शपथ ग्रहण के कारण होने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक प्रमुख सड़कों पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों से अजमेरी गेट मार्ग से बचने और इसके बजाय पहाड़गंज मार्ग चुनने को कहा गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को 20 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक इन मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी है-

पढ़ें- दिल्ली सीएम के शपथ ग्रहण समारोह से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स

  • बहादुर शाह जफर मार्गमार्ग (आईटीओ से दिल्ली गेट)
  • जवाहरलाल नेहरू मार्ग (दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक)
  • अरुणा आसिफ अली रोड, नई दिल्ली
  • मिंटो रोड से राउंड अबाउट कमला मार्केट से हमदर्द चौक
  • रणजीत सिंह फ्लाईओवर से तुर्कमान गेट तक
  • अजमेरी गेट से कमला मार्केट तक

कौन हैं रेखा गुप्ता? होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इन रूट्स पर किया डायवर्जन

  • सुभाष पार्क टी-पॉइंट
  • राजघाट
  • दिल्ली गेट
  • इतो
  • अजमेरी गेट
  • रणजीत सिंह फ्लाईओवर
  • भवभूति मार्ग-डीडीयू मार्ग रेड लाइट
  • झंडेवालान के आसपास

यात्रियों को भीड़भाड़ कम करने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने और अपने वाहनों को केवल पार्किंग एरिया में पार्क करने की सलाह दी गयी है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सड़क किनारे पार्किंग से बचने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना देने का भी अनुरोध किया है। दिल्ली में रेखा गुप्ता का शपथग्रहण आज, कौन-कौन होगा शामिल, कैसी हैं तैयारियां?