दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी अपने सभी मंत्रियों के साथ सड़क पर उतरी हैं। सभी मंत्री दिल्ली की खराब सड़कों का निरीक्षण कर रहे हैं। दिल्ली में पीडब्ल्यूडी की सभी सड़कों का निरीक्षण किया जा रहा है। इन सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाएगा। आतिशी सरकार ने दीपावली से पहले सड़कों की हालत सुधारने का लक्ष्य दिया है। बता दें कि पिछले दिनों ही पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम आतिशी को चिट्ठी लिखी थी। इसके बाद सभी मंत्रियों की बैठक में यह फैसला लिया गया।
अरविंद केजरीवाल की चिट्ठी के बाद सीएम आतिशी की ओर से भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल जी ने विधानसभा में एक चिट्ठी दी और कहा कि युद्ध स्तर पर सड़कों को ठीक किया जाएगा। इसके बाद सोमवार को मुख्यमंत्री के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सौरभ भारद्वाज और गोपाल राय निरीक्षण के लिए पहुंचे। दिल्ली में 1400 किमी से अधिक की सड़कों का निर्माण पीडब्ल्यूडी ने किया है। इन्हें निरीक्षण के बाद ठीक किया जाएगा।
कौन मंत्री कहां कर रहा निरीक्षण
सीएम आतिशी साउथ और साउथ ईस्ट दिल्ली में निरीक्षण के लिए पहुंची हैं। वहीं मंत्री सौरभ भारद्वाज ईस्ट दिल्ली, गोपाल राय नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, कैलाश गहलोत वेस्ट और साउथ वेस्ट दिल्ली, मुकेश अहलावत नॉर्थ और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली वहीं इमरान हुसैन सेंट्रल और नई दिल्ली इलाके में पहुंचे हैं।
स्वाति मालीवाल ने कसा था तंज
बता दें कि इस पूरे मामले को लेकर स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसा था। उन्होंने सोशल मीडिया पर किराड़ी की खराब सड़कों को लेकर लिखा कि ‘CM 1 को CM 2 को पत्र लिखकर बताना पड़ा कि दिल्ली में सड़कें बहुत ख़राब हैं। CM 2 कई महीनों से PWD और दर्जन मंत्रालयों की मंत्री थीं लेकिन उन्हें पता ही नहीं था कि ऐसी भी कोई समस्या जनता झेल रही है। मेरे पिछले ट्वीट के बाद अब मुंडका पर इनका ध्यान गया है। अब किराड़ी की ये बदहाली की तस्वीर देखो, यहाँ कब निरीक्षण पर आएंगे CM 1 और CM 2?’