दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पूर्ण बजट पेश कर दिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा में बजट पेश किया। पहली बार दिल्ली का बजट एक लाख करोड़ रुपये के पार गया है। बजट में कई बड़ी घोषणाएं की गई। इस बीच यमुना सफाई को लेकर भी सरकार ने बड़ी घोषणा की। बजट में यमुना सफाई के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। रेखा गुप्ता ने बजट भाषण के दौरान कहा कि यमुना की सफाई के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और हमारे लिए या नदी नहीं बल्कि धरोहर है।

यमुना की सफाई के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित

बजट भाषण के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली AAP सरकार ने सीवर ट्रीटमेंट प्लान पर कभी ध्यान ही नहीं दिया और खर्च ही नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने यमुना की सफाई के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसमें से 250 करोड़ रुपये सीवेज ट्रीटमेंट प्लान और 250 करोड़ रुपये वॉटर ट्रीटमेंट प्लान पर खर्च होंगे।

40 नए सीवेज प्लांट बनेंगे

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना में गिरने वाले नालों को टैप कर सीवेज को ट्रीट किया जाएगा और इसके लिए 40 नए सीवेज प्लांट बनेंगे। रेखा गुप्ता ने यमुना सफाई को लेकर एक्शन प्लान का जिक्र करते हुए कहा कि 40 करोड़ की मशीनें खरीदी जाएंगी और इससे मौजूदा सीवेज प्लांट में सुधार किया जाएगा।

10 लाख का हेल्थ कवर, महिलाओं को 2500 प्रतिमाह… दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने पेश किया एक लाख करोड़ का बजट

नजफगढ़ ड्रेन के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने सिर्फ नजफगढ़ ड्रेन के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसके अलावा 200 करोड़ रुपये की लागत से हरियाणा से दिल्ली आने वाली मुनक नहर को पाइपलाइन में बदला जाएगा। दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने के बाद से ही यमुना में मशीन चलने लगी है और सफाई जारी है।

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान यमुना की सफाई बड़ा मुद्दा था। बीजेपी ने इसे अपने घोषणा पत्र में भी शामिल किया। इस पर सियासत इतनी बढ़ गई थी कि आम आदमी पार्टी ने हरियाणा से आने वाले पानी में जहर मिलाने तक का आरोप लगा दिया था। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान यह मुद्दा सुर्खियों में छाया था।