Vande Bharat Water Leakage: वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री उस समय हैरान रह गए जब कोच की छत से पानी टपकने लगा और सीटें और सामान भीगने लगे। इतना ही नहीं एसी ने भी काम नहीं किया। यात्रियों की शिकायत पर भी सुनवाई नहीं हुई। दिल्ली तक पैंसेजर्स ने परेशानियों के बीच ही सफर किया। हालांकि, इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह बात वाराणसी-नई दिल्ली (22415) वंदे भारत एक्सप्रेस की है। ट्रेन करीब सुबह 6 बजे कैंट रेलवे स्टेशन से चली थी। प्रयागराज पहुंचने से पहले ही सी-7 कोच की 76 नंबर सीट के ऊपर पानी टपकना शुरू हो गया। बात केवल पानी टपकने तक ही खत्म नहीं हुई बल्कि कोच के एसी ने भी काम करना बंद कर दिया। इससे कोच के अंदर गर्मी काफी बढ़ गई। यात्रियों ने इसकी शिकायत भी की। लेकिन भरोसा मिला की इसे अगले ठहराव पर सही कर लिया जाएगा।
कटरा – श्रीनगर वंदे भारत में अब होगी ये खास व्यवस्था
यात्री ने रेल ऐप पर की शिकायत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दर्शिल मिश्रा ने रेल ऐप पर शिकायत की। इतना ही नहीं उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेलवे के अधिकारियों को भी टैग किया। लेकिन कोई भी मदद नहीं मिल पाई। उन्होंने पूरे सिस्टम से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि टिकट का पूरा पैसा वापस किया जाए। एक अन्य यात्री सुरेश चौहान ने भी कहा कि यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन तो केवल नाम के लिए ही है। कभी इसका एसी खराब हो जाता तो कभी इसकी लाइटें खराब हो जाती हैं। आज तो हालात काफी बदतर हो गए जब छत से पानी टपकने लगा।
पहले भी लीक की खबर सामने आई
दिलचस्प बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब इसी वंदे भारत ट्रेन में इस तरह की लीक की खबर आई है। 2024 में भी इसी तरह की घटना कैमरे में कैद हुई थी और वायरल हुई थी। इसकी भी लोगों ने जमकर आलोचना की थी। उस समय, उत्तरी रेलवे के आधिकारिक हैंडल ने फुटेज पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे अस्थायी तकनीकी खराबी का मामला बताया था। उत्तर रेलवे ने कहा, “पाइप में अस्थायी रुकावट के कारण कोच में पानी का थोड़ा रिसाव देखा गया था! ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों ने इस पर ध्यान दिया और इसे ठीक कर दिया। असुविधा के लिए खेद है।” नमो भारत ट्रेन का सफल रहा ट्रायल