Delhi Polls 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान गुरुवार को थम गया। एक और आम आदमी पार्टी ने सत्ता में वापसी के लिए मतदाताओं को अपनी ओर गोलबंद करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी, वहीं दूसरी ओर भाजपा ने भी जमकर चुनाव प्रचार किया। चुनाव की घोषणा के बाद से ही गृहमंत्री अमित शाह प्रचार में जुट गए और अंतिम दिन तक अभियान चलाया। अमित शाह ने भाजपा के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा से ज्यादा बैठकें की। 200 से ज्यादा सांसदों, मंत्रियों और सितारों ने वोट मांगे। अमित शाह का अनुमान है कि उनकी पार्टी 45 सीटों पर जीत हासिल करेगी और दिल्ली में सरकार बनाएगी।
भाजपा दिल्ली की सत्ता से अरविंद केजरीवाल को बेदखल करने के लिए पूरे तन-मन से जुटी दिखी। नरेंद्र मोदी ने दो रैलियां की। अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान 11 रोड शो और 39 जनसभाएं की। जेपी नड्डा ने 15 रोड शो किए और 16 जनसभाएं की। इसी तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 16 जनसभाएं की। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 26, राजनाथ सिंह ने 12 और नितिन गडकरी ने 10 जनसभाएं की। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने 74 जनसभाएं और रोड शो किए।
इसके अलावा 200 से ज्यादा सांसदों ने दिल्ली में चुनाव अभियान चलाया। सभी ने तीन से चार बैठकें की। इसके साथ ही देवेंद्र फडनवीस, शिवराज सिंह चौहान, जयराम ठाकुर, मनोहर लाल खट्टर और त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी चुनाव अभियान में शामिल हुए। अभिनेता से नेता बने सन्नी देओल, रवि किशन, दिनेश लाल यादव और सपना चौधरी ने भी लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
दिल्ली चुनाव अभियान समाप्त होने के बाद अमित शाह ने ट्वीट किया, “चुनाव के दौरान दिल्ली की जनता से संवाद करने का मौका मिला। झूठे वादे, तुष्टिकरण और अराजकता से त्रस्त दिल्ली को अब बस विकास चाहिए। दिल्ली में भाजपा के लिए जो समर्थन देखा है उससे ये साफ है कि 11फरवरी को भाजपा दिल्ली में 45 से अधिक सीट जीत कर सरकार बनाने जा रही है।”