सर्दी बढ़ने के साथ ही दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर में धीरे-धीरे वृद्धि देखी जा रही है। मंगलवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली का AQI 200 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इस दौरान तापमान 19.8°C दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह, दिल्ली के कई इलाके ‘खराब’ वायु गुणवत्ता श्रेणी में पाए गए। आनंद विहार सबसे खराब रहा जहां AQI 374 (बहुत खराब) तक पहुँच गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सोमवार शाम चार बजे 189 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का AQI लगातार बढ़ रहा है। शनिवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली का AQI 191, रविवार को 167 और सोमवार को 185 था। बुधवार को नोएडा का AQI 208.92 के साथ ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।

0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स

दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण

सोमवार को PM2.5 की सांद्रता 103 µg/m³ मापी गई, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की 15 µg/m³ की सीमा से कहीं अधिक है। WHO के अनुसार, “PM2.5 के संपर्क में आने से हृदय और श्वसन तंत्र दोनों को प्रभावित करने वाली बीमारियाँ हो सकती हैं, जिनमें स्ट्रोक, फेफड़ों का कैंसर और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) शामिल हैं।” साल के इस समय में, पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने से आमतौर पर वायु गुणवत्ता में गिरावट आती है। हालाँकि, इस साल राष्ट्रीय राजधानी में अक्टूबर तक अपेक्षाकृत ठंडी सुबहें और असामान्य रूप से साफ़ हवा रही है।

दिल्ली में ठंड की शुरुआत

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से तीन डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो मौसम के औसत से 0.6 डिग्री कम है। सोमवार लगातार चौथा दिन था जब 2025-26 के शीतकालीन मौसम के लिए न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पढ़ें- बिगड़ रही दिल्ली की हवा! 100 के पार जा सकता है AQI