मुंबई में एक शख्स की चिकन शावरमा खाने से मौत हो गई। पुलिस ने अब इस मामले में शावरमा शॉप से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने दी है। जानकारी के मुताबिक प्रथमेश भोकसे नाम के व्यक्ति ने 3 मई को ट्रॉम्बे इलाके में एक दुकान से चिकन शावरमा खाया था। 4 मई को प्रथमेश भोकसे को गंभीर पेट दर्द और उल्टी हुई और वह अस्पताल पहुंचे। जब वह दवाई लेकर घर लौटे तो तबीयत और बिगड़ने लगी और उनकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि एक डॉक्टर ने प्रथमेश का इलाज किया और उन्हें घर भेज दिया था। लेकिन अगले दिन उनकी तबीयत ज़्यादा खराब हो गई। हालत बिगड़ गई और उन्हें फिर से अस्पताल ले जाया गया जहां एक डॉक्टर ने जांच की। इस बार चेकअप के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया।

अधिकारी ने कहा कि अस्पताल के अधिकारियों ने मामले की रिपोर्ट पुलिस को करने का फैसला किया, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य) और 273 (हानिकारक भोजन या पेय की बिक्री) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

दो लोग गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने दुकानदारों–आनंद कांबले और अहमद शेख को गिरफ्तार कर लिया और उन पर 304 (गैर इरादतन हत्या) सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। अप्रैल के आखिरी सप्ताह में गोरेगांव में सड़क किनारे एक विक्रेता से चिकन शावरमा खाने के बाद फूड पॉइजनिंग के कारण 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर, ट्रॉम्बे पुलिस ने शावरमा में खराब चिकन परोसने के लिए दुकान के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।