कोरोना वायरस का प्रकोप देश में बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इसके प्रकोप को रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन के 67 दिन हो चुके हैं लेकिन कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। इस खतरनाक वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और मध्य प्रदेश हैं। लेकिन असम में इसका संक्रमण तेजी से बढ़ता दिख रहा है। असम में पिछले तीन दिन में मामले डबल हो गए हैं। असम में शनिवार को कोरोना के 159 नए मामले सामने आए। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 1200 के पास पहुंच गई है। वहीं चार लोगों की अबतक मौत हो चुकी है।
वहीं गुजरात में मामलों के दोगुनी होने की चाल सबसे तेज है। गुजरात में 27.13 फीसदी के रेट से मामले डबल हो रहे हैं। प्रदेश में अभी 15944 मामले हैं और 980 लोगों की मौत हो चुकी है। गुजरात के अलावा तमिल नाडु में भी मामले तेजी से डबल हो रहे हैं। तमिल नाडु में 15.57 फीसदी के रेट से मामले डबल हो रहे हैं। इस कड़ी में तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में 14.76 फीसदी के रेट से मामले डबल हो रहे हैं। वहीं बंगाल और बिहार में डबल होने का रेट 13.35 और 11.13 फीसदी है।
Coronavirus Live update: यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़ी सभी लाइव अपडेट….
देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 65 हजार के पार है। वहीं, 24 घंटे में 99 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 2197 हो गई है। राज्य में पिछले दो हफ्तों से हर दिनों से लगातार हर दिन दो हजार नए केस सामने आ रहे हैं।
भारत में पिछले 24 घंटे में एक बार फिर कोरोना के रिकॉर्ड 8380 मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा 193 मौतें हुई हैं। यह लगातार दूसरा दिन है जब देश में संक्रमितों की संख्या में 8 हजार का इजाफा हुआ है। वहीं लगातार तीसरे दिन नए संक्रमितों के मिलने का रिकॉर्ड टूटा है। जहां गुरुवार-शुक्रवार के बीच देश में 7466 नए मामले आए थे, वहीं एक दिन पहले 8332 केस दर्ज हुए थे। आज लगातार तीसरे दिन संक्रमितों की संख्या में उछाल आया है। इसी के साथ अब देश में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 82 हजार 143 के आंकड़े पर पहुंच गई। साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या भी 5164 हो गई।
