भारत में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। यहां रोजाना हजारों की संख्या में लोग संक्रमित पाये जा रहे हैं। गुरुवार को 35000 से ज्यादा पॉज़िटिव मामले सामने आए हैं और इसी के साथ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 मिलियन यानि 10 लाख के पार चली गई है।
राज्य सरकारों द्वारा देर शाम तक रिपोर्ट किए गए आंकड़ों से पता चला है कि महामारी का प्रकोप 10,04,000 को पार कर गया है। ये नए आंकड़े शुक्रवार को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों में दिखाई देंगे। भारत में सिर्फ 20 दिनों में आंकड़े दोगुने हो गए हैं। आधा मिलियन से 1 मिलियन मामलों तक पहुंचने में सिर्फ 20 दिन लगे हैं। इसी के साथ भारत सबसे ज्यादा संक्रमितों के मामले में विश्व में तीसरे नंबर पर है। भारत से आगे यूएसए और ब्राजील हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के वैश्विक डेटाबेस के अनुसार, यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका में अब तक 3.4 मिलियन से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि ब्राजील में यह संख्या 1.92 मिलियन है।
दुनिया भर में, 13.37 मिलियन लोग अब तक इस खतरनाक वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 5,80,000 से अधिक लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। अमेरिका और ब्राजील दोनों ही देशों में भारत की तुलना में हर दिन अधिक मामले सामने आ रहे हैं। भारत में पिछले दो दिनों से 30,000 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। वहीं में रोजाना 40,000 से अधिक मामले देखने को मिल रहे हैं। जबकि यूएसए में पिछले एक हफ्ते से रोजाना संक्रमितों की संख्या 50,000 से अधिक रही है।
अन्य देशों की तुलना में भारत में मौत का आंकड़ा बेहद कम है। डब्ल्यूएचओ डेटाबेस के मुताबिक अमेरिका ने 30 अप्रैल को 1 मिलियन के आंकड़े को पार कर लिया था। उस समय यूएसए में 57,700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी थी। ब्राजील ने 21 जून को जब 1 मिलियन का आंकड़ा छुआ था तब तक लगभग 50,000 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं भारत में अबतक मात्र 25000 से ज्यादा मौतें हुए हैं।

