हरियाणा में सरकार के गठन के लिए भाजपा को समर्थन के बाद जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता अजय चौटाला को फरलो मिलने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को तंज कसते हुए कहा कि ”भ्रष्टाचार धुलाई मशीन” चालू है।उन्होंने चौटाला की फरलो मंजूर होने से जुड़ी खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ””अखिल भारतीय भ्रष्टाचार धुलाई मशीन चालू आहे! ””
इसी मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता ने कहा, “ये न्यू इन्डिया है दोस्तों ! यहां कुर्सी खतरे मे आते ही सब संभव हो जाता है ! न कोई कायदा , न कोई कानून, यहां पर है सिर्फ सत्ता बचाने का जूनून !” गौरतलब है कि भाजपा और जजपा ने हरियाणा में मिलकर सरकार बनाने का फैसला किया है। इस सरकार में भाजपा का मुख्यमंत्री और जजपा के कोटे से उप मुख्यमंत्री होगा।
गौरतलब है कि जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता दुष्यंत चौटाला के पिता अजय चौटाला का दो हफ्तों का फरलो मंजूर किया गया है। अजय चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी करार दिए जाने के बाद से तिहाड़ जेल में बंद हैं।दिलचस्प बात यह है कि आज ही दुष्यंत चौटाला की पार्टी जजपा के समर्थन से भाजपा ने हरियाणा में सरकार गठन का दावा पेश किया है।भाजपा, हरियाणा में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बहुमत से थोड़ा पीछे रह गई थी।
दुष्यंत भाजपा को समर्थन को लेकर शुक्रवार को अपने दस विधायकों से मुलाकात से कुछ पहले जेल में अपने पिता से मिले थे। वह रविवार को मनोहर लाल खट्टर सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।अधिकारियों ने कहा कि अजय चौटाला के रविवार को तिहाड़ जेल से बाहर आने की संभावना है। महानिदेशक (कारागार) संदीप गोयल के मुताबिक, अजय चौटाला को दो सप्ताह के लिए फरलो दिया गया है और यह उसी दिन से शुरू हो जाएगा जिस दिन वह जेल परिसर से बाहर निकलेंगे।अजय चौटाला अपने पिता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के साथ जेल में बंद हैं।