Coronavirus Vaccine, Unlock 5.0 Guidelines India HIGHLIGHTS:  दुनियाभर में कोरोनावायरस के बढ़ते केसों के बीच अब देशों में इसकी वैक्सीन विकसित करने की होड़ मच गई है। जहां अमेरिकी कंपनी मॉडर्ना, Pfizer और ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्रा जेनेका की संभावित वैक्सीन इस रेस में सबसे आगे मानी जा रही हैं, वहीं भारत की दो कंपनियां भी वैक्सीन के दूसरे फेज के ट्रायल तेजी से पूरे करने में जुटी हैं। इनमें एक नाम भारत बायोटेक का है, जिसने फेज-2 के ट्रायल और तेज कर दिए हैं। साथ ही फेज-3 के ट्रायल के लिए सरकार से इजाजत भी मांगी है।

बताया गया है कि भारत बायोटेक ने अपनी कोरोना वैक्सीन- कोवैक्सिन के लिए फेज-2 क्लिनिकल ट्रायल्स के आकार को छोटा किया है। यानी इसमें टेस्ट किए जाने वाले लोगों की संख्या कम हुई है। दूसरी तरफ भारत में कोरोना वैक्सीन टेस्ट करने वाली दूसरी कंपनी जायडस कैडिला भी दूसरे फेज के ट्रायल को पूरा करने में जुटी है।

बता दें कि भारत में कोरोनावायरस के केसों में पिछले तीन हफ्तों में गिरावट आई है। केंद्र सरकार ने पहले ही इसकी संभावना जताते हुए अनलॉक की गाइडलाइंस में छूट दे दी थी। आज (15 अक्टूबर) से देशभर में कुछ प्रतिबंधों के साथ सिनेमा हॉल और स्कूलों को खोलने की इजाजत दे दी गई है। साथ ही धार्मिक जुटाव और परिवहन सेवाओं में भी छूटों का ऐलान किया गया है। हालांकि, इसमें अंतिम फैसला लेने का अधिकार राज्य सरकारों को दिया गया है।

इन्हीं छूटों के मद्देनजर पंजाब सरकार ने दशहरा से पहले होने वाले रामलीला मंचन को छूट देने का फैसला किया है। यानी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोग रामलीला देखने आ सकेंगे। दूसरी तरफ अमरिंदर सरकार ने फिलहाल सिनेमा हॉल बंद रखने का फैसला किया है।

Live Blog

Highlights

    16:46 (IST)15 Oct 2020
    क्या हैं सिनेमा-हॉल के लिए सरकार की गाइडलाइंस?:

    केंद्र की ओर से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स और थिएटर में क्षमता से 50 फीसदी लोग ही बैठाए जा सकेंगे। इसके अलावा लोगों के बीच छह फीट की दूरी बनाना अनिवार्य होगा। थिएटर की एंट्री पर ही थर्मल स्क्रीनिंग होगी और सिर्फ बिना लक्षण वाले लोगों को ही अंदर आने दिया जाएगा। इसके अलावा हॉल के अंदर तापमान भी 24 से 30 डिग्री के बीच ही रखा जाएगा।

    16:21 (IST)15 Oct 2020
    मध्य प्रदेशः रावण दहन के कार्यक्रम के लिए लेनी होगी मंजूरी

    मध्य प्रदेश में 6 महीने से ज्यादा समय तक बंद रहने के बाद आखिरकार सिनेमाघर, स्विमिंग पूल और मनोरंजन पार्क गुरुवार 15 अक्टूबर से खुल रहे हैं। कुछ शर्तों के साथ सिनेमाघरों, स्वीमिंग पूल और मनोरंजन पार्क खोले जाने के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा आने वाले दशहरे पर रावण दहन के कार्यक्रम के लिए फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की शर्त पर आयोजन समिति द्वारा अलग से संबंधित एसडीएम कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के लिखित अनुमति ली जा सकेगी।

    15:49 (IST)15 Oct 2020
    एंटरटेनमेंट पार्क खुलेंगे, पानी की सफाई का रखना होगा ध्यान

    अनलॉक-5 के तहत आज से एंटरटेनमेंट पार्क भी खुल सकेंगे। गाइडलाइन कहती है कि पार्क खोले जाने से पहले और बंद किए जाने के बाद क्लीनिंग और सैनिटाइजेशन जरूरी होगा। इसके अलावा बीच में भी अगर वक्त मिलता है तो ऐसा करना होगा। यूज किए गए मास्क और फेस कवर के लिए अलग से डस्टबिन होने चाहिए। इन पार्कों में स्वीमिंग पूल अभी बंद ही रहेंगे। वॉटर पार्क में पानी की लगातार सफाई का ध्यान रखना होगा।

    15:19 (IST)15 Oct 2020
    स्विमिंग पूल को खोलने की इजाजत, एक बार में 20 स्विमर ट्रेन होंगे

    स्विमिंग पूल भी आज से खुल सकेंगे। इसके लिए जारी की गई SOP के मुतािबक, ओलिंपिक में इस्तेमाल होने वाले पूल के साइज के बराबर स्विमिंग पूल में एक वक्त में ज्यादा से ज्यादा 20 स्विमर ट्रेनिंग कर सकते हैं। हालांकि, स्विमर्स को इसके लिए एक डिक्लेरेशन पर साइन करके देना होगा। रेजिडेंशियल तैराक के लिए कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट सबमिट करना जरूरी है।

    14:47 (IST)15 Oct 2020
    इन राज्यों में नहीं खुलेंगे सिनेमा हॉल

    सरकार ने सिटिंग अरेंजमेंट में फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल खोलने की इजाजत दी है। मध्यप्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बंगाल में 7 महीने बाद मल्टीप्लेक्स खुलने जा रहे हैं। वहीं, महाराष्ट्र, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों ने मल्टीप्लेक्स नहीं खोलने का फैसला लिया है।

    14:16 (IST)15 Oct 2020
    इन राज्यों में नंवबर में होगा स्कूल खोलने पर फैसला

    केंद्र की तरफ से अनलॉक-5 के मद्देनजर 15 अक्टूबर से स्कूल और सिनेमा खोलने की इजाजत दे दी गई है। जहां लगभग सभी राज्यों में थिएटर खुलने की मंजूरी है। वहीं, स्कूल खोलने पर अभी भी संशय बना हुआ है। महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत एक दर्जन से ज्यादा राज्यों ने कहा है कि वे नवंबर से पहले स्कूल खोलने के पक्ष में नहीं हैं।

    13:46 (IST)15 Oct 2020
    दिल्ली: सिनेमा हॉल खुलेंगे, पर स्कूल बंद रखने का फैसला

    दिल्ली में सिनेमाहॉल खोलने की इजाजत दे दी गई है। इसके लिए केजरीवाल सरकार ने नियम जारी किए हैं। बुधवार को ही सीएम ने सिनेमाहॉल के मालिकों से मुलाकात की और उन्हें नियमों का पालन करने के लिए कहा। दिल्ली में मल्टीप्लेक्स में क्षमता से पचास फीसदी दर्शक बैठ सकेंगे। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग और तापमान मापन जैसे नियमों का पालन जरूरी होगा।

    13:15 (IST)15 Oct 2020
    महाराष्ट्रः सिनेमा हॉल खुलने की मंजूरी, पर धार्मिक स्थल बंद

    महाराष्ट्र की उद्धव सरकार ने मेट्रो खोलने की इजाजत दे दी है। साथ ही अब लाइब्रेरी भी खुल सकेंगी। मुंबई में मेट्रो का संचालन 19 अक्टूबर से शुरू होगा। इस बीच महाराष्ट्र में मंदिर खोलने पर विवाद जारी है, लेकिन इस बीच सरकार ने अभी धार्मिक स्थलों को बंद रखने का फैसला किया है। महाराष्ट्र में अभी मल्टीप्लेक्स बंद ही रहेंगे। महाराष्ट्र में इसी के साथ साप्ताहिक बाजार खोलने की छूट दी गई है, लेकिन कंटेनमेंट जोन के इलाके में ये बंद ही रहेंगे।

    12:41 (IST)15 Oct 2020
    दिल्लीः केंद्र की मंजूरी के बावजूद दिल्ली में नहीं खुलेंगे स्कूल

    केंद्र सरकार ने 15 अक्टूबर से स्कूलों के खुलने की छूट दे दी है। हालांकि, इस मामले में राज्यों को फैसला लेने की पूरी छूट है। जहां कुछ राज्यों में स्टूडेंट्स को माता-पिता की लिखित इजाजत के बाद स्कूल आने की छूट होगी, वहीं दिल्ली में अभी स्कूल नहीं खोले जाएंगे। केजरीवाल सरकार 31 अक्टूबर के बाद बैठक कर स्कूल खोलने पर आगे विचार करेगी।

    12:12 (IST)15 Oct 2020
    चंडीगढ़: आज से खुलेंगे सिनेमा, पर फिल्में कल से दिखाई जाएंगी

    केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के तहत आज से कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल खोले जा रहे हैं। चंडीगढ़ में इसे लेकर कारोबारियों में उत्साह है। हालांकि, आज सिनेमा हॉल खुलने के बाद पहले इनमें सिटिंग अरेंजमेंट ठीक किया जाएगा। साथ ही सैनिटाइजेशन के साथ टाइमटेबल फिक्स किया जाएगा। इसके बाद शुक्रवार से इन्हें दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा।

    11:47 (IST)15 Oct 2020
    भारत में कोरोना के 67 हजार से ज्यादा नए केस, 680 मौतें

    भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोनावायरस के 67,708 नए केस दर्ज हुए हैं। इसके अलावा 680 लोगों की जान भी गई है। इसी के साथ भारत में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 73 लाख 7 हजार 98 तक पहुंच गई, जबकि एक्टिव केसों की संख्या 8 लाख 12 हजार पर आ गई है। कुल 63 लाख 83 हजार 442 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। देश में अब तक 1 लाख 11 हजार 266 जानें गई हैं।

    11:16 (IST)15 Oct 2020
    उत्तर प्रदेशः सीएम योगी बोले- कोरोना रोकने के लिए हैंड-वॉशिंग सबसे ज्यादा जरूरी

    कोरोनावायरस महामारी के चलते दुनियाभर में इस वक्त लोगों को मास्क पहनने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग और हाथ धोने का महत्व समझाया जा रहा है। ग्लोबल हैंड वॉश डे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हाथ धोने से जुड़ा एक हैशटैग अभियान लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हम सभी को हाथ धोने का महत्व समझ आ रहा है। कोई भी इसे नजरअंदाज नहीं कर सकता।