Coronavirus India HIGHLIGHTS: भारत में कोरोना वैक्सीन पर पहले ही कई समुदायों में इसके बुरे प्रभाव को लेकर डर फैला है। इस बीच राजनीतिक दल भी वैक्सीन पर राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे। दरअसल, ताजा विवाद कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग में राष्ट्रीय संयोजक गौरव पंधी के ट्वीट के बाद उठा है। पंधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक आरटीआई का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। गौरव ने आरोप लगाया था कि कोवैक्सीन बनाने के लिए 20 दिन के बछड़े की हत्या की जाती है।

इसे लेकर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, “भारत में निर्मित कोवैक्सीन को लेकर कांग्रेस ने जो भ्रम फैलाया है वो महापाप है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कोवैक्सीन में गाय के बछड़े का सीरम/खून होता है। कांग्रेस ये भ्रम फैला रही है कि गाय के बछड़े को मारकर ये वैक्सीन तैयार किया गया है।” पात्रा ने आगे कहा, “वैज्ञानिक समुदाय और स्वास्थ्य मंत्रालय का इस विषय को लेकर स्पष्टीकरण स्पष्ट रूप से कहता है कि कोवैक्सीन में बछड़े या गाय का खून नहीं है। यह पूरी तरह सुरक्षित है। जिस प्रकार एक सांप्रदायिक एंगल देकर इसे अपभ्रंशित करने की कोशिश की जा रही है ऐसा कोई भी अपभ्रंश नहीं है।”

इस बीच पिछले 24 घंटे में कोरोना के 62 हजार 224 नए केस सामने आए हैं। यह लगातार दूसरा दिन है, जब देश में नए संक्रमितों की संख्या 60 हजार से थोड़ा ज्यादा रही है। हालांकि, मौतों का आंकड़ा अब भी ढाई हजार के पार बना हुआ है। पिछले एक दिन में ही 2542 लोगों की जान गई है। फिलहाल देश में 8.65 लाख एक्टिव केस हैं। अब तक देश में कोरोना के 2 करोड़ 96 लाख से ज्यादा केस दर्ज हुए हैं, जबकि कुल 3.79 लाख मौतें भी हो चुकी हैं।

इस बीच अब कई राज्यों ने कोरोनावायरस लॉकडाउन में ढील देना भी शुरू कर दिया है। जिन राज्यों ने बुधवार से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू की है, उनमें असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं। जहां असम में कुछ शहरों में आंशिक रूप से बंदी रखी गई है। वहीं बंगाल में आज से रेस्त्रां और बार खोलने की इजाजत है। उधर बिहार में शाम 6 बजे तक दुकानें खुली रहेंगी और दफ्तरों में पूरी क्षमता के साथ लोगों को आने की इजाजत दी गई है।

छूट देने में सबसे आगे पंजाब है जहां जिम, रेस्त्रां से लेकर सिनेमा हॉल तक 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने के निर्देश हैं। उधर राजस्थान की गहलोत सरकार ने भी खेल स्टेडियम से लेकर योगा सेंटर तक खोलने के आदेश दे दिए हैं।

Live Blog

Highlights

    15:28 (IST)16 Jun 2021
    कोरोना केस हुए कम, अब 18 जून से खुलेगी AIIMS की ओपीडी

    भारत में कोरोना के घटते केसों से अस्पतालों पर भी बोझ धीरे-धीरे कम हुआ है। इसके चलते दिल्ली के AIIMS का ओपीडी 18 जून से खोल दिया जाएगा। यानी यहां आम बीमारियों का इलाज भी शुरू हो सकेगा। इस बीच दिल्ली में हालात सुधरने के बावजूद वैक्सीन की कमी बरकरार है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजधानी में बुधवार को 18-44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण नहीं होगा। दिल्ली सरकार का कहना है कि इस आयु वर्ग के लिए सिर्फ 31 हजार वैक्सीन डोज ही बची थीं, जो कि एक दिन के स्टॉक से भी कम हैं। ऐसे में केजरीवाल सरकार ने केंद्र से जल्द वैक्सीन भिजवाने की अपील की है।

    15:06 (IST)16 Jun 2021
    ओडिशा: कोरोना महामारी में माता-पिता को खोने वाले बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाएगी सरकार

    कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के कहर ने लाखों घरों को नुकसान पहुंचाया है। इस दौरान सैकड़ों बच्चे अनाथ हुए हैं। ऐसे में ओडिशा सरकार ने राज्य में अनाथ हुए बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया है। सरकार ने अनाथ बच्चों को मुफ्त में शिक्षा देने की बात कही है। दरअसल वर्तमान में राज्य में 35 बच्चों ने अपने माता-पिता दोनों को महामारी में खो दिया है। अधिकारियों के मुताबिक ये योजना तकनीकी शिक्षा, इंजीनियरिंग आदि समेत स्कूल और उच्च शिक्षा के लिए बच्चों के एडमिशन, ट्यूशन और परीक्षा शुल्क की लागत को कवर करेगी। साथ ही इन बच्चों के हर महीने 2,000 रुपए की पेंशन भी मिलेगी। वहीं बच्चों को जून, जुलाई और अगस्त के लिए अग्रिम पेंशन भी दी जाएगी।

    14:40 (IST)16 Jun 2021
    मोदी से मुलाकात के बाद बोले MP सीएम- कोरोना पूरी तरह नियंत्रण में

    प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्य प्रदेश में कोरोना पूरी तरह नियंत्रण में है। लेकिन आगे तीसरी वेव को हम नियंत्रित कर पाए इसमें पूरी ताकत से जुड़े हैं और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करते रहना इस सबके बारे में प्रधानमंत्री से चर्चा हुई।

    14:06 (IST)16 Jun 2021
    चेन्नई: महिला कर्मचारी ने कर दी कोरोना मरीज की हत्या

    तमिलनाडु के चेन्नई में एक सरकारी अस्पताल में संविदा पर काम कर रही कर्मचारी ने कोरोना मरीज का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। महिला कर्मचारी ने  अपना अपराध पुलिस के सामने कबूल लिया। उसने बताया कि उसे पैसों की जरूरत और मोबाइल फोन खरीदने के लिए उसने ऐसा किया। 23 मई को मरीज को अस्पताल में भर्ती किया गया था और 8 जून को उसका शव मिला था।

    13:42 (IST)16 Jun 2021
    झारखंडः राज्य के अंदर ई-पास की अनिवार्यता कम, लेकिन बाहर वालों के लिए रहेगा जरूरी

    झारखंड में कोविड-19 के तेजी से कम होते मामलों के बीच सरकार ने सावधानी के तौर पर ‘स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह’ लॉकडाउन को बढ़ा दिया है। हालांकि, इसमें कुछ छूटें बढ़ाई गई हैं। सीएम हेमंत सोरेन सरकार ने छूट के साथ लॉकडाउन आगे बढ़ाने के साथ ही जिले के भीतर ई-पास की अनिवार्यता सभी के लिए खत्म कर दी गई है। अब सिर्फ उन्हीं लोगों को पास की अनुमति लेनी होगी जो व्यक्ति राज्य के बाहर जाएगा। केवल यही नहीं दूसरे राज्यों से झारखंड में प्रवेश करने वाले लोगों के लिए भी पास की अनिवार्यता होगी बगैर पास के उन्हें झारखंड की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

    13:21 (IST)16 Jun 2021
    केंद्रीय मंत्री बोले- अमेरिका में 30 करोड़, तो भारत में लगीं 25 करोड़ को वैक्सीन डोज

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अमेरिका ने 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन डोज लगाई। भारत अब तक 25 करोड़ डोज लगा चुका है। उसके बाद ब्राजील का नाम आता है। दुनिया में वैक्सीन लगाने वाले देशों की सूची में भारत का नाम आगे है। साल के अंत तक देश में 216 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज उपलब्ध कराई जाएंगी।

    12:55 (IST)16 Jun 2021
    केरल सरकार ने एक महीने बाद लॉकडाउन में दी छूट

    केरल सरकार ने 17 जून से लॉकडाउन पाबंदियों में छूट देने का फैसला किया। सरकार ने पाबंदियों में छूट से संबंधित कई कदमों की घोषणा की, जिनमें आवश्यक सामान बेचने वाली दुकानों को हर दिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक खोलने की अनुमति देना शामिल हैं। सरकार ने 8 मई से लॉकडाउन लगाया था। जरूरी सामान बेचने वाली दुकानों को हर रोज सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खोलने की अनुमति होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सप्ताहांत के दौरान राज्य में पूर्ण लॉकडाउन लागू रहेगा।

    12:42 (IST)16 Jun 2021
    मध्य प्रदेशः कोरोना लॉकडाउन पूरी तरह खोलने की कवायद, अब सिर्फ कुछ जगहें ही बंद

    मध्य प्रदेश में कोरोना के केस कम होने के बाद अनलॉक की नई गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं। इसके तहत अब शॉपिंग मॉल और जिम भी खोले जा सकेंगे। हालांकि सिनेमाघर अभी भी बंद रहेंगे। आज से ही शॉपिंग मॉल और जिम सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक खुल सकेंगे। हालांकि सिनेमाघर, स्विमिंग पूल और थिएटर फिलहाल बंद रहेंगे। जिम 50% क्षमता के साथ ही खोले जा सकेंगे। इसके अलावा सभी तरह की दुकानें, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और निजी दफ्तर 100% क्षमता के साथ खुल सकेंगे।

    12:08 (IST)16 Jun 2021
    राजस्थान: लॉकडाउन में दी गई अतिरिक्त छूट, जानें क्या खुलेगा, क्या नहीं?

    राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने त्रिस्तरीय जन अनुशासन मॉडिफाइड लॉकडाउन-2.0 की नई गाइडलाइंस घोषित कर दी हैं। यह गाइंडलाइंस आज से प्रभावी हो गईं। लॉकडाउन प्रतिबंधों में बुधवार, 16 जून सुबह 5 बजे से छूट और बढ़ाई गई है। शनिवार शाम 5 से सोमवार सुबह 5 बजे तक जन अनुशासन वीकेंड कर्फ्यू रहेगा। फिलहाल 21 जून तक सिनेमा हॉल, थियेटर नहीं खुलेंगे। लेकिन जिम और योगा सेंटर के साथ टूरिस्ट स्पॉट और स्मारक खोलने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके अलावा खेल स्टेडियम, शॉपिंग कॉम्पलेक्स/मॉल और होटल, रेस्टोरेंट्स खुलेंगे।

    11:39 (IST)16 Jun 2021
    पश्चिम बंगालः राज्य में कोरोना से मरने वालों का कुल आंकड़ा 17 हजार के पार

    पश्चिम बंगाल में मंगलवार को कोरोना वायरस से 75 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 17 हजार को पार गया। वहीं 3519 नए मरीजों की पुष्टि के बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 14,64,776 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में पिछले साल शुरू हुए महामारी के प्रकोप से अब तक 17,049 लोगों की मौत हो चुकी है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को कम से कम 2,36,942 लोगों को कोविड रोधी टीका लगाया गया।