सोमवार से शुरू हुए अनलॉक 1 के लिए दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने अपने प्लान की जानकारी दे दी है। इसके तहत सरकार ने कई छूट दी हैं, जिससे आम जनजीवन सामान्य हो सकेगा। हालांकि केजरीवाल ने ऐलान किया है कि एक हफ्ते तक अभी दिल्ली के सभी बॉर्डर सील रहेंगे। छूट के तहत दिल्ली के सभी बाजारों की दुकानें खुलेंगी और सभी फैक्ट्रियां भी खोली जाएंगी। इसके अलावा जो चीजें खोली गई थी वो खुली रहेंगी। साथ ही सैलून की दुकानें भी खुलेंगी।
दिल्ली सरकार ने अभी स्पा नहीं खोलने का फैसला किया है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय की सभी गाइडलाइंस को दिल्ली सरकार ने पूरी तरह से लागू करने का फैसला किया है। गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस के तहत दिल्ली में भी आठ जून से सभी धार्मिक स्थल, शॉपिंग मॉल, होटल, रेस्तरां आदि खुल जाएंगे। दिल्ली में ऑटो-रिक्शा में एक सवारी पर से प्रतिबंध हटाया जा रहा है। पहले दुपहिया और चार पहिया गाड़ियों और सवारियों पर जो प्रतिबंध था वो भी हटाया जा रहा है
केजरीवाल ने ऐलान किया है कि एक हफ्ते तक अभी दिल्ली के सभी बॉर्डर सील रहेंगे। केजरीवाल ने बताया कि अभी हमारे पास कोरोना मरीजों के लिए पर्याप्त बेड हैं। यदि हम छूट के तहत बॉर्डर खोल देते हैं तो अन्य राज्यों के लोग भी इलाज के लिए दिल्ली आ जाएंगे। इससे सभी बेड भर सकते हैं और दिल्ली के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
केजरीवाल सरकार ने बॉर्डर खोलने के मुद्दे पर राजधानी की जनता से सुझाव मांगे हैं। केजरीवाल ने बताया कि लोग शुक्रवार शाम पांच बजे तक बॉर्डर खोलने और अस्पतालों को दिल्ली वासियों के लिए रिजर्व रखने या नहीं रखने पर अपने सुझाव दे सकते हैं। दिल्ली सरकार ने सुझाव के लिए एक ईमेल आईडी जारी की है। लोग delhicm.suggetions@gmail.com पर मेल करके अपने सुझाव दे सकते हैं। इसके अलावा लोग व्हाट्स एप नंबर-8800007722 पर या 1031 नंबर पर फोन करके भी अपने सुझाव दे सकते हैं। सुझाव के आधार पर दिल्ली सरकार बॉर्डर खोलने पर विचार करेगी।
देश में सोमवार से अनलॉक 1 की शुरुआत हो गई है। इसमें सरकार ने कई रियायत दी हैं, जिससे धीरे धीरे जिंदगी पटरी पर आनी शुरू हो जाएगी। हालांकि कोरोना संक्रमण की रफ्तार पहले से बढ़ गई है, ऐसे में एहतियात रखना भी बेहद जरुरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी लोगों से यही अपील की है।