लॉकडाउन के चलते अपने अपने घरों को लौट रहे प्रवासी मजदूर हादसों का शिकार बन रहे हैं। यूपी के औरेया के बाद अब मध्य प्रदेश के सागर जिले में हुए ट्रक हादसे में 5 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई है। प्रवासी मजदूर एक ट्रक में बैठकर महाराष्ट्र से यूपी जा रहे थे, लेकिन सागर जिले के बांदा इलाके में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्रक में बैठे पांच मजदूरों की मौत हो गई और कई घायल हो गए हैं। इससे पहले आज ही यूपी के औरेया में हुए एक सड़क हादसे में 24 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई। छानबीला थाना क्षेत्र में सागर-कानपुर मार्ग पर सेमरा पुल के पास प्रवासी श्रमिकों को ले जा रहा ट्रक पलट गया। इस हादसे में पांच श्रमिक मारे गए और 19 अन्य घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भूरिया ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। ये श्रमिक उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में जा रहे थे। एएसपी ने बताया कि ट्रक में कपड़ों के बंडल लदे थे जिस पर ये प्रवासी श्रमिक बैठे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों के बारे में और जानकारी एकत्रित की जा रही है तथा पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

शनिवार को यह प्रवासी मजदूरों के साथ हुआ तीसरा हादसा है। पहला हादसा औरेया में हुआ, जिसमें 24 प्रवासी मजदूरों की मौत हुई। दूसरा हादसा तेलंगाना बॉर्डर पर राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर हुआ, जिसमें प्रवासी मजदूरों को ले जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 20 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं तीसरा हादसा एमपी का है, जिसमें 5 मजदूरों की मौत हो गई है।

लॉकडाउन के बाद से ही प्रवासी मजदूरों का पलायन जारी है। बड़ी संख्या में मजदूर पैदल ही अपने घरों को जा रहे हैं। जिसके चलते वह हादसों का शिकार हो रहे हैं। बीते दिनों महाराष्ट्र के औरंगाबाद में भी रेल पटरियों पर सो रहे 16 मजदूरों को मालगाड़ी ने कुचल दिया था। ये मजदूर महाराष्ट्र से पैदल ही अपने अपने घर मध्य प्रदेश जा रहे थे। लेकिन थकने के बाद रेल पटरियों पर ही सो गए और अपनी जान से हाथ धो बैठे।