देश में कोरोना के मामलों में एक बार फिर से उछाल देखने को मिल रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 58,097 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 15,389 लोगों की रिकवरी हुईं है और इस दौरान 534 लोगों की इस महामारी से मौत हुई है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 26,538 नए मामले सामने आए है, इस दौरान 5,331 लोग डिस्चार्ज हुए और 8 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक ओमिक्रोन के मामले 797 है जिसमें से 330 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं।

दिल्ली सरकार ने राज्य सरकार के सभी विभागों के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चिकित्सा अवकाश को छोड़कर, दी गई सभी छुट्टियों को रद्द करने का निर्देश जारी किया है। अगले आदेश तक चिकित्सा अवकाश को छोड़कर न तो कोई छुट्टी दी जाएगी और न ही स्टेशन छोड़ने की अनुमति दी जाएगी।

मुंबई में कोरोना वायरस के 15,166 नए मामले सामने आए हैं, 714 रिकवरी हुईं और कोरोना से 3 की मौत हुई। मुंबई में कुल सक्रिय मामले 61,923 हो गए हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10,665 नए मामले सामने आए हैं, 2,239 लोग डिस्चार्ज हुए और 8 लोगों की मौत हुई। देश की राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामले 23,307 हो गए हैं।

हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया, इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, स्टेडियम, स्विमिंग पूल, जिम आदि बंद रहेंगे। पूरे राज्य में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाया जाएगा। बैंक्वेट हॉल में 50% क्षमता की अनुमति होगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में अब तक 2135 ओमिक्रॉन मामले दर्ज़ किए गए हैं जिसमें से 828 मामले रिकवर हो चुके हैं। देश में 18 वर्ष से अधिक आयु की 90.8% जनसंख्या को वैक्सीन की पहली डोज़ और दूसरी डोज़ 65.9% जनसंख्या को लगाई गई है। देश में 15-18 वर्ष के बीच 7.40 करोड़ किशोर हैं, अब तक 1.06 किशोरों को वैक्सीन की पहली डोज़ दी जा चुकी है।

संस्कृति मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, राष्ट्रीय संग्रहालय की सभी गैलरी आज से अगले आदेश तक पर्यटकों के लिए बंद रहेंगी। हालांकि संग्रहालय के सभी विभाग आदेशानुसार खुले रहेंगे।

Live Updates
21:49 (IST) 4 Jan 2022
बेंगलुरु के 8 क्षेत्रों में कोरोना की स्थिति से निपटने के लिए आठ IAS अधिकारी तैनात

कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु के आठ क्षेत्रों में कोरोना स्थिति और ओमिक्रोन संबंधित मामलों को संभालने और प्रबंधित करने के लिए आठ IAS अधिकारियों को तैनात किया है।

21:49 (IST) 4 Jan 2022
असम में कोरोना के 475 नए मामले आए

असम में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 475 नए मामले सामने आए हैं और तीन मौतें हुई हैं।

21:48 (IST) 4 Jan 2022
बिहार में लगा नाइट कर्फ्यू

सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक में निर्णय लिया गया है कि 6 जनवरी से 21 जनवरी तक राज्य में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।

21:03 (IST) 4 Jan 2022
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क को लेकर सख़्ती बढ़ाने के लिए निर्देश दिए गए- भोपाल के कलेक्टर

कोविड क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक पर भोपाल के कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कहा, कोविड और वैक्सीनेशन से संबंधित सभी सदस्यों को अवगत कराया गया। मामले बढ़ रहे हैं इसलिए सख़्ती बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क को लेकर सख़्ती बढ़ाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

21:02 (IST) 4 Jan 2022
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ ज़िले में भी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू

छत्तीसगढ़: रायगढ़ कलेक्टर भीम सिंह ने बताया, ज़िले में कल कोविड पॉजिटिविटी रेट 4% से ज्यादा थी। आज से रायगढ़ ज़िले में भी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लग रहा है। रैली और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों पर रोक लगाई जाएगी।

20:47 (IST) 4 Jan 2022
तमिलनाडु में कोरोना के 2,731 नए मामले सामने आए

तमिलनाडु में आज कोरोना के 2,731 नए मामले सामने आए, जबकि 9 मौतें हुईं और 674 मरीज डिस्चार्ज हुए। राज्य में सक्रिय मामले 12,412 हैं।

20:15 (IST) 4 Jan 2022
पश्चिम बंगाल में कोरोना के 9,073 नए मामले सामने आए

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9,073 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 16 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। इस दौरान 3,768 लोग डिस्चार्ज हुए।

20:14 (IST) 4 Jan 2022
महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के मामलों की संख्या 653 हुई

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 18,466 नए मामले सामने आए। इस दौरान 20 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। राज्य में ओमिक्रोन के मामले अब तक 653 हुए, जिसमें से 259 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। कुल सक्रिय मामले बढ़कर 66,308 हो गए हैं।

20:12 (IST) 4 Jan 2022
सीएम योगी ने टीम-9 के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में टीम-9 के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

19:59 (IST) 4 Jan 2022
गुजरात में कोरोना के 2,265 मामले आए सामने

गुजरात स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,265 मामले आए और 240 लोग डिस्चार्ज हुए। इस दौरान 2 लोगों की मृत्यु हुई है। राज्य में कुल सक्रिय मामले बढ़कर 7,800 हो गए हैं।

19:57 (IST) 4 Jan 2022
हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 260 नए मामले सामने आए

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 260 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 22 लोग डिस्चार्ज हुए और किसी की मृत्यु दर्ज़ नहीं की गई।

19:34 (IST) 4 Jan 2022
आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों के लिए पहले भी छूट दी गई थी- सिसोदिया

शनिवार और ​रविवार को लागू होने वाले कर्फ्यू पर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों के लिए पहले भी छूट दी गई थी, अगर किसी को कोई ज़रूरी कार्य है तो उसके लिए डीएम या एसडीएम ऑफिस से कर्फ्यू पास लिया जा सकता है। बसें इस दौरान चलती रहेंगी।

19:33 (IST) 4 Jan 2022
दिल्ली के अस्पतालों में कुल क्षमता के 40 फीसदी बेड कोरोना रोगियों के लिए आरक्षित

दिल्ली सरकार के मुताबिक, दिल्ली के सभी निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में 50 या उससे अधिक बिस्तर हैं, जहां उनकी कुल बिस्तर क्षमता का कम से कम 40% कोरोना रोगियों के लिए आरक्षित है।

19:30 (IST) 4 Jan 2022
मुंबई में कोरोना के 10,860 नए मामले सामने आए

महाराष्ट्र: मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10,860 नए मामले सामने आए और 2 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई।

19:30 (IST) 4 Jan 2022
पुणे में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल 30 जनवरी तक बंद रहेंगे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने बताया, पुणे में आज 1,104 कोविड मामले सामने आए, पॉजिटिविटी रेट 18% दर्ज़ की गई। पुणे ज़िले में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल 30 जनवरी तक बंद रहेंगे, ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रहेगी।

19:28 (IST) 4 Jan 2022
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कोविड की स्थिति को लेकर बैठक की

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कोविड की स्थिति को लेकर विशेषज्ञों, मंत्रियों और टास्क फोर्स के सदस्यों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की।

19:01 (IST) 4 Jan 2022
कॉर्डेलिया क्रूज 1 जनवरी को मुंबई से गोवा के लिए निकला था, 66 लोग कोरोना संक्रमित

BMC के चिकित्सा अधिकारी ने बताया, कॉर्डेलिया क्रूज 1 जनवरी को मुंबई से गोवा के लिए निकला और 2 जनवरी को क्रूज में सवार एक ग्रुप का रैपिड टेस्ट पॉजिटिव आया जिसके बाद क्रूज में सवार लगभग 2000 लोगों का टेस्ट किया गया और उसमें 66 लोग पॉजिटिव आए। इसमें से 6 लोग गोवा उतरे हैं बाकि लोग क्रूज में हैं।

18:56 (IST) 4 Jan 2022
छत्तीसगढ़ में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू का ऐलान

सरकार द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 4% या उससे अधिक की प़ॉजिटिविटी दर वाले ज़िलों में सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पुस्तकालय, स्विमिंग पूल, मॉल, सिनेमा, मैरिज पैलेस, होटल, रेस्तरां, सभागार बंद कर दिए जाएं। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू किया जाएं।

18:50 (IST) 4 Jan 2022
छत्तीसगढ़ में रैलियों और सार्वजनिक समारोहों पर रोक

छत्तीसगढ़ सीएम ऑफिस की तरफ से कहा गया- हर ज़िले में जुलूस, रैलियों, सार्वजनिक समारोहों, सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल आयोजनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। रेलवे स्टेशनों और सीमाओं पर COVID-19 के लिए रैंडम परीक्षण होगा। अस्पताल के बिस्तरों, दवाओं के स्टॉक और ऑक्सीजन की उपलब्धता की दैनिक रिपोर्ट देनी होगी।

18:48 (IST) 4 Jan 2022
झारखंड आने वाले यात्रियों को रांची हवाईअड्डे पर नि:शुल्क कोविड-19 की जांच करानी होगी

रांची हवाई अड्डा के अधिकारियों के मुताबिक, झारखंड आने वाले सभी यात्रियों को हवाईअड्डे पर पहुंचने पर नि:शुल्क कोविड-19 की जांच करानी होगी। यदि कोई यात्री अपनी नेगेटिव RT-PCR रिपोर्ट (72 घंटे के भीतर) / पूर्ण टीकाकरण प्रमाण पत्र (कम से कम 15 दिन पहले) दिखाते हैं तो उन्हें RT-PCR परीक्षण से छूट दी जाएगी।

18:46 (IST) 4 Jan 2022
केरल में कोरोना के 3,640 नए मामले आए

केरल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3,640 नए मामले आए और 30 लोगों की मृत्यु दर्ज़ हुई। इस दौरान 2,363 लोग डिस्चार्ज हुए।

18:46 (IST) 4 Jan 2022
उत्तराखंड में कोरोना के 310 नए मामले सामने आए

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 310 नए मामले सामने आए और 1 व्यक्ति की मृत्यु दर्ज़ की गई। इस दौरन 111 लोग डिस्चार्ज हुए। राज्य में कुल सक्रिय मामले 654 हैं।

18:44 (IST) 4 Jan 2022
कर्नाटक में 2,479 नए मामले आए

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के. सुधाकर ने कहा, राज्य में कोविड प़ॉजिटिविटी दर 2.59% है। आज 2,479 नए मामले आए औऱ 4 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। आज ओमिक्रोन का कोई नया मामला नहीं आया, अब तक 77 ओमिक्रोन मामले दर्ज़ हुए हैं। आज 95,391 टेस्ट किए गए। बेंगलुरु में 2,053 नए मामले सामने आए।

17:54 (IST) 4 Jan 2022
कॉर्डेलिया क्रूज 66 कोरोना पॉजिटिव यात्रियों के साथ आज शाम मुंबई लौटेगा

कॉर्डेलिया क्रूज 66 कोरोना पॉजिटिव यात्रियों के साथ आज शाम मुंबई लौटेगा। बृहन्मुंबई नगर निगम की एक टीम क्रूज में मौजूद यात्रियों की स्क्रीनिंग करेगी।

17:11 (IST) 4 Jan 2022
पूरी तरह के वैक्सीनेटेड कर्मचारियों को दफ्तर जाने की अनुमति- अमृतसर के उपायुक्त

अमृतसर के उपायुक्त ने बताया कि बार, सिनेमा हॉल, मॉल, रेस्तरां, स्पा, AC बसें 50% क्षमता के साथ संचालित होंगी, बशर्ते कर्मचारियों का पूर्ण टीकाकरण हो। स्विमिंग पूल और जिम बंद रहेंगे। पूरी तरह से टीकाकृत कर्मचारियों को ही सरकारी, निजी कार्यालयों में जाने की अनुमति होगी।

17:04 (IST) 4 Jan 2022
यूपी में कोरोना के 992 नए मामले सामने आए

उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 992 नए मामले सामने आए हैं और कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। इस दौरान सक्रिय मामलों की संख्या 3,173 है अब तक कुल 16,88,007 रिकवरी हुई है।

16:32 (IST) 4 Jan 2022
लखनऊ विश्वविद्यालय में मास्क, थर्मल स्कैनिंग अनिवार्य

लखनऊ विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ.विनोद कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय में मास्क, थर्मल स्कैनिंग अनिवार्य कर दिया गया है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखकर हुआ फ़ैसला।

16:29 (IST) 4 Jan 2022
जामिया में टीका न लेने वालों के प्रवेश पर रोक

जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय में एक या दोनों डोज लेने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को ही कार्यालय में प्रवेश की होगी इजाजत

16:13 (IST) 4 Jan 2022
दिल्ली में COVID19 के 5,481 नए मामले सामने आए

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 5,481 नए मामले सामने आए और 3 लोगों की मृत्यु हुई। दिल्ली में कुल सक्रिय मामले 14,889 जबकि पॉजिटिविटी दर: 8.37 फीसदी हो गई है।

15:50 (IST) 4 Jan 2022
सिसोदिया बोले- सरकारी कर्मचारी की मृत्यु COVID या किसी अन्य दुर्घटना में हो, तो परिवार के सदस्य को मिले नौकरी

दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमारा मानना है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी की मृत्यु COVID या किसी अन्य दुर्घटना के कारण होती है, तो उसके परिवार के सदस्य को नौकरी दी जानी चाहिए। लेकिन यह अधिकार हमसे छीन लिया गया है।