Congress Working Committee meeting: कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक सीडब्ल्यूसी की बैठक शनिवार को शुरू हो गई। राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद नए पार्टी चीफ की तलाश के संदर्भ में ये बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि नए अध्यक्ष का चुनाव जल्द हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीडब्ल्यूसी में शामिल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पांच ग्रुप बनाए गए। ये समूह विभिन्न प्रदेशों के नेताओं से बातचीत करके नए अध्यक्ष पर राय कायम करेंगे।
इस बैठक में पार्टी संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, एके एंटनी, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, कई प्रदेश अध्यक्ष और कई अन्य नेता शामिल हुए। सीडब्ल्यूसी की बैठक से एक दिन पहले राहुल गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर अगले कुछ दिनों के भीतर निर्णय हो जाएगा।
पार्टी के नये अध्यक्ष को लेकर मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत और सुशील कुमार शिंदे सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नामों की चर्चा है। दरअसल, राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद से बनी असमंजस की स्थिति और नेतृत्व के संकट को खत्म करने की कोशिश करते हुए कांग्रेस ने सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलायी है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पहले पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी युवा नेता को सौंपने की बात की थी और फिर महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम की पैरवी की थी। कांग्रेस के कई दूसरे नेता भी अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका के नाम की पैरवी कर चुके हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
[bc_video video_id=”6069759449001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
उस वक्त उनके इस्तीफे को अस्वीकार करते हुए सीडब्ल्यूसी ने उन्हें पार्टी में आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया था। हालांकि गांधी अपने रुख पर अड़े रहे और स्पष्ट कर दिया कि न तो वह और न ही गांधी परिवार का कोई दूसरा सदस्य इस जिम्मेदारी को संभालेगा। अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए गांधी ने यह भी कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष नहीं रहते हुए भी वह पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम करते रहेंगे। उनके समर्थन में बहुत सारे नेताओं ने भी इस्तीफा दे दिया था।
(भाषा इनपुट्स के साथ)