कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 3 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली करने वाले हैं। इस रैली में वह दिल्ली में पार्टी के चुनाव अभियान के आगाज का ऐलान करेंगे। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने रविवार को पूर्वी दिल्ली में एक बैठक के बाद इस रैली का ऐलान किया है।

अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली की जनता ने बीजेपी पर भरोसा किया और उनके सात सांसद दिल्ली से चुने गए लेकिन पिछले दस सालों में बीजेपी के सातों सांसद जनता के बीच से गायब हो गए। उन्होंने कहा,”अगर इन सांसदों ने जनता के लिए काम किया है तो बीजेपी को उनके टिकट काटे बिना उन्हें ही मैदान में उतारना चाहिए।”

3 फरवरी को होगी बड़ी रैली?

अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष औपचारिक रूप से पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी की तरह पूर्वी दिल्ली से पार्टी के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। ठीक ऐसा ही 1977 में इंदिरा गांधी ने जनता पार्टी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए 1977 का चुनाव हारने के बाद 1979 में पूर्वी दिल्ली से अपना अभियान शुरू किया था।

कांग्रेस के इस कार्यक्रम में बड़ी तादाद में दिल्ली के कार्यकर्ता पहुंचने वाले हैं। राहुल गांधी की मौजूदगी को लेकर फिलहाल किसी तरह की जानकारी साझा नहीं की गई है। वह फिलहाल भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हैं और यात्रा अभी असम पहुंची है। जहां यात्रा पर हमले की खबरें भी सामने आई हैं।

अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली के लिए सीट बंटवारे के ‘फॉर्मूले’ की घोषणा जल्द ही कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, हम सभी सीट पर अपना आधार तैयार करेंगे। गठबंधन में लड़ने का मतलब अपने सहयोगी दल को चुनाव जीतने में मदद करना भी होगा।’’

आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस, दोनों विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के साझेदार हैं और वे दिल्ली सहित अन्य राज्यों के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत कर रहे हैं।