लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद से कांग्रेस के कई नेताओं ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपने इस्तीफे की पेशकश की थी। अब कांग्रेस के सोशल मीडिया विंग की हेड रहीं दिव्य स्पंदना का ट्विटर अकाउंड भी डिलीट दिखाई दे रहा है। उनके ट्विटर अकाउंट पर एक भी ट्वीट नहीं है और उसमें फालोअर्स की संख्या भी शून्य दिखाई दे रही है। ऐसे में आशंका जतायी जा रही है कि दिव्य स्पंदना अब शायद कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, ऐसा बताया जा रहा है कि दिव्य स्पंदना अब कांग्रेस की सोशल मीडिया हेड के पद पर नहीं रहेंगी।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने जब इस बारे में दिव्य स्पंदना से संपर्क कर उनके कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम से हटने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने दावा किया कि ये सब अफवाहें है और इनमें कोई सच्चाई नहीं है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने दिव्य स्पंदना का ट्विटर अकाउंट डिलीट होने पर फिलहाल कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है। बता दें कि दिव्य स्पंदना ने कांग्रेस पार्टी की सोशल मीडिया पर पहुंच बढ़ाने में अहम योगदान दिया और भाजपा की सोशल मीडिया विंग को टक्कर देने की कोशिश की थी। हालांकि भाजपा सोशल मीडिया पर काफी समय से है और उसकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूदगी भी ज्यादा है। दिव्य स्पंदना ने अपने हालिया ट्वीट में भाजपा नेता निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्री बनाए जाने पर बधाई दी थी। साथ ही दिव्य स्पंदना ने देश की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जाहिर करते हुए इसके सुधरने की उम्मीद की थी।

बता दें कि दिव्य स्पंदना अपने कई ट्वीट में पीएम मोदी पर हमलावर रही हैं। हालिया लोकसभा चुनावों में भाजपा ने प्रचंड जीत के साथ सत्ता में वापसी की है। जिसके बाद कांग्रेस में उथल-पुथल का दौर शुरु हो गया था और कई नेताओं ने अपने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी। खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपना पद छोड़ने पर अड़े हुए हैं। फिलहाल उन्हें मनाने की कोशिशें जारी हैं और साथ ही नए पार्टी अध्यक्ष की तलाश भी शुरु कर दी गई है।