Phulo Devi Netam: कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा सदस्य और छत्तीसगढ़ की वरिष्ठ नेता फूलो देवी नेताम शुक्रवार को संसद में विरोध प्रदर्शन के दौरान बेहोश हो गईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वह NEET मुद्दे पर सदन के वेल में विरोध कर रही थीं, तभी उन्हें चक्कर आने लगे। उन्हें दिल्ली के आरएमएल अस्पताल ले जाया गया है। इसका वीडियो भी सामने आया है। एबुलेंस में आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी बैठी हुईं नजर आ रही हैं।
संसद के पांचवें दिन की शुरुआत से ही संसद के दोनों सदनों में नीट पेपर लीक को लेकर विपक्ष आक्रामक नजर आया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा की मांग की। लेकिन चर्चा राष्ट्रपति के अभिभाषण पर शुरू की गई। सत्ता पक्ष के सांसदों ने चर्चा शुरू की। उनके भाषण के दौरान विपक्ष ने जमकर नारेबाजी की। विपक्ष नीट के पेपर लीक मामले पर चर्चा की मांग कर रहा था।
फूलो देवी नेताम की बिगड़ी तबीयत
इस बीच राज्यसभा में पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष के आक्रामक होने पर कांग्रेस सांसद फूलो देवी नेताम की हालत बिगड़ गई। उन्हें बेचैनी होने लगी। इतना ही नहीं उनको चक्कर आ गए और वह राज्यसभा में ही बेहोश हो गईं। फूलो देवी को संसद से बाहर निकाले जाने का एक वीडियो सामने आया है। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल और कुछ कांग्रेस महिला सांसद फूलो देवी को एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रही हैं।
छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष
कांग्रेस पार्टी की राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में कोंडागांव की रहने वाली हैं। वे छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी हैं। वे 14 सितंबर 2020 को कांग्रेस के सदस्य के रूप में छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए चुनी गईं थीं। राज्यसभा की विशेषाधिकार कमेटी ने पिछले साल अगस्त में सदन की कार्यवाही में फूलो देवी नेताम को कदाचार का दोषी ठहराया था। इनके साथ अन्य 11 सांसदों को भी कदाचार का दोषी ठहराया था। इन सभी सांसदों को आगे कभी भी ऐसा व्यवहार नहीं करने के लिए चेतावनी दी थी। विशेषाधिकार पैनल की तरफ से एक रिपोर्ट भी पेश की। इसमें सभी नेताओं को कहा कि ईमानचारी से अपने सही आचरण का पालन करना चाहिए।