कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज ‘महिला न्याय गारंटी’ योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत गरीब महिलाओं को 1 लाख रुपये, सरकारी नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण और महिलाओं को छात्रावास की सुविधा देने का वादा किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस आज ‘नारी न्याय गारंटी’ का ऐलान कर रही है। इसके तहत पार्टी देश में महिलाओं के लिए नया एजेंडा तय करने जा रही है।
महाराष्ट्र के धुले में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “हमारी दूसरी भारत जोड़ो यात्रा में हमने एक नया शब्द ‘न्याय’ जोड़ा है क्योंकि हमारी पहली यात्रा में हम जिससे भी मिले, चाहे किसान हों, युवा हों या महिला सभी ने कहा हिंसा और नफरत का कारण है अन्याय। 90% भारतीयों को हर दिन अन्याय का सामना करना पड़ता है। मुझे नहीं पता कि आप सब यह जानते हैं या नहीं लेकिन भारत में 22 प्रमुख लोगों की संपत्ति 70 करोड़ लोगों की संपत्ति के बराबर है।”
महिलाओं को पिछले 10 साल में कुछ नहीं मिला- मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “महिला हमारे देश की आधी आबादी है लेकिन उन्हें पिछले 10 सालों में कुछ नहीं मिला। काम सिर्फ इतना हुआ है कि उनके नाम पर राजनीति और उनसे वोट लेना। कांग्रेस आज ‘नारी न्याय गारंटी’ का घोषणा करती है। इसके तहत पार्टी देश में महिलाओं के लिए नया एजेंडा तय करने जा रही है।”
नारी न्याय गारंटी के तहत कांग्रेस की 5 घोषणाएं
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “नारी न्याय गारंटी के तहत कांग्रेस 5 घोषणाएं कर रही है- पहला, महालक्ष्मी गारंटी- इसके तहत हर गरीब परिवार की एक-एक महिला को सालाना 1 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। दूसरा, आधी आबादी पूरा हक – इसके तहत केंद्र सरकार के स्तर पर होने वाली आधी नई भर्तियों पर महिलाओं का अधिकार होगा।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे बताया, “इस योजना के तहत है तीसरा, शक्ति का सम्मान- इसके तहत आंगनवाड़ी, आशा और मिड डे मील कार्यकर्ताओं की मासिक आय में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना किया जाएगा। चौथा, अधिकार मैत्री – इसके तहत महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनकी मदद के लिए हर पंचायत में एक पैरालीगल की नियुक्ति की जाएगी। पांचवां, सावित्रीबाई फुले छात्रावास – भारत सरकार जिला मुख्यालयों पर कामकाजी महिलाओं के लिए कम से कम एक छात्रावास का निर्माण करेगी। देशभर में इन हॉस्टलों की संख्या दोगुनी की जाएगी।”