कैंब्रिज एनालिटिका की ओर से फेसबुक डेटा में सेंधमारी का खुलासा करने वाले व्हिसलब्लोवर क्रिस्टोफर वाइली ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भी कंपनी की सेवाएं ली थी। हालांकि वाइली के इस दावे को कांग्रेस ने खारिज कर दिया। वहीं बीजेपी नेता रविशंकर के हमले पर जवाब देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने उन्हें सुबूत सामने रखने की चुनौती दी। वाइली इससे पहले ब्रिटिश संसद में भी कैंब्रिज एनालिटिका की करतूतों की गवाही दे चुके हैं। जब उन्हें ब्रिटिश संसद ने बुलाया था। ब्रिटिश संसद में बोलते हुए व्हिस्लब्लोअर क्रिस्टोफर वाइली ने बताया कि कैंब्रिज एनालिटिका ने पार्टी के लिए सभी प्रकार के प्रोजेक्ट पर काम किया। वाइली के मुताबिक कैंब्रिज एनालिटिका के कई राज्यों में ऑफिस और कर्मचारी हैं।

अब जाकर कैंब्रिज एनालिटिका के निलंबित सीईओ अलेक्जेंडर निक्स के लंदन दफ्तर से सामने आई एक तस्वीर कांग्रेस के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस तस्वीर में कांग्रेस के चुनाव चिह्न हाथ के पंजे का पोस्टर दफ्तर में लगा नजर आ रहा है। इस पोस्टर में डेवलपमेंट फार ऑल स्लोगन भी नजर आ रहा है। यह फोटो बीबीसी की 2017 में बनी डाक्यूमेंट्री से नजर आ रहा है। जिसे पत्रकार जेमी बार्टलेट ने तैयार किया था। डाक्यूमेंट्री का थीम था-सेक्रेट्स ऑफ सिलिकन वैली। निक्स के कार्यालय की दीवार पर हाथ के पंजे का पोस्टर होने पर इस कंपनी का कांग्रेस  के ग्राहक होने का संकेत देता है।

डाक्यूमेंट्री के दूसरे एपिसोड के वीडियो में दिखता है कि बीबीसी के पत्रकार बर्टलेट कैंब्रिज एनालिटिका के सीईओ निक्स की केबिन में घुसते हैं तो निक्स उठकर हाथ मिलाते हैं। निक्स के पीछे दीवार पर कांग्रेस के चुनाव चिह्न हाथ के पंजे सहित एक पोस्टर लगा मिलता है। जब कैंब्रिज एनालिटका के सीईओ के दफ्तर में कांग्रेस की तस्वीर लगे होने का वीडियो वायरल हुआ तो केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने निशाना साधने में देरी नहीं की। उन्होंने ट्वीट कर कहा-क्या बात है राहुल जी, कांग्रेस का हाथ कैंब्रिज एनालिटिका के साथ। बता दें कि चैनर फोर के स्टिंग में खुलासे के बाद कैंब्रिज एनालिटिका ने अपने सीईओ निक्स को हटा दिया था।