लगातार दो लोकसभा चुनाव और एक के बाद एक कई विधानसभा चौनव हारने के बाद भारत में कांग्रेस अस्तित्व के संकट से जूझ रही है। दो साल पहले राहुल गांधी के अध्यक्ष पद दे इस्तीफा देने के बाद पार्टी अबतक अपना नया अध्यक्ष नहीं चुन पाई है। लेकिन कांग्रेस ने यूरोप की ईकाइयों के लिए अध्यक्ष चुन लिए हैं।

नियुक्तियों की घोषणा इस सप्ताह की शुरुआत में टेक्नोक्रेट से नेता बने सैम पित्रोदा की अध्यक्षता वाली इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) ने की है। नियुक्त किए गए सभी लोग भारतीय मूल के हैं। चक्र बीयर ब्रांड के मालिक गैरीसोबर सिंह गिल नॉर्वे में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के नए ‘देश अध्यक्ष’ हैं। चक्र बियर वेबसाइट के अनुसार, 2006 में गिल द्वारा लॉन्च किया गया ब्रांड अंतरराष्ट्रीय बाजार में ‘पहला पंजाबी ब्रेवरीज ब्रांड’ है।

गिल ने कहा कि उनके पिता गुरमेल गिल, जो भारत के पूर्व राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉलर थे। यूरोप में आईओसी के संस्थापक हैं और पार्टी की नॉर्वे में अच्छी उपस्थिति है। उन्होंने कहा “मेरे पिता जीवन भर कांग्रेस में रहे हैं। अब मैं पदभार ग्रहण कर रहा हूं… उद्देश्य भारत में निवेश, उद्योग लाना है।”

यह पूछे जाने पर कि राजनीति में क्यों उतरे, उन्होंने कहा, “यह जानना अच्छा है कि मेरे देश में क्या हो रहा है।” फ़िनलैंड में कांग्रेस ने 35 वर्षीय वैज्ञानिक कोमल कुमार जावरप्पा को चुना है। वे रक्त कैंसर के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। वे कोपेनहेगन के एक प्रसिद्ध अस्पताल में काम करते हैं।

मैसूर के रहने वाले जवरप्पा ने कहा कि आईओसी की स्थापना हाल ही में फिनलैंड में हुई है और वह इसकी गतिविधियों का समन्वय कर रहे थे। जवरप्पा ने कहा कि उन्होंने पित्रोदा से संपर्क किया और पार्टी में शामिल होने की इच्छा जताई। जवरप्पा ने पित्रोदा को एक मेल लिखा और फिनलैंड में क्या और कैसे किया जा सकता है इसपर सुझाव दिए।

अन्य नियुक्तियों में दिलबाग चन्ना (इटली), जॉय कोचट्टू (स्विट्जरलैंड), सोनिया हेल्डस्टेड (स्वीडन), सुनील कोरा (ऑस्ट्रिया), सुखीवन प्रीत सिंह (बेल्जियम), हरपिंदर सिंह घग (हॉलैंड) और अमरजीत सिंह (पोलैंड) शामिल हैं।

यूरोप के आईओसी संयोजक राजविंदर सिंह ने कहा कि संगठन की उपस्थिति 23 यूरोपीय देशों में है, जो यूनाइटेड किंगडम में सबसे मजबूत है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है उनमें से ज्यादातर व्यवसायी, पेशेवर और शिक्षा के क्षेत्र से हैं। सिंह खुद होटल और रियल एस्टेट के कारोबार में हैं।