Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के पहले ही इंडिया गठबंधन लगातार बिखरता नजर आ रहा है। ताजा मामला सामने आया है गुजरात से, जहां कांग्रेस पार्टी आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वासवा पर डोरे डालती नजर आ रही है। चैतर वासवा को देदियापाड़ा से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं।

आम आदमी पार्टी े उन्हें लोकसभा के लिए भी अपना उम्मीदवार घोषित किया है लेकिन अब खबर ये है कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से उन्हें अगले महीने गुजरात से निकलने वाली राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस पार्टी के नवसारी से विधायक अनंत पटेल ने चैतर वासवा को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए इन्वाइट किया है।

गुजरात में राहुल गांधी की यह यात्रा आदिवासी बहुत कई जिलों से होकर गुजरेगी। अनंत पटेल ने मीडिया से कहा, “मैंने चैतर वासवा से कहा कि वो भी एक आदिवासी नेता हैं और आदिवासियों के हक लिए लड़ते हैं। उन्हें भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना चाहिए और हमारे साथ आना चाहिए।”

आदिवासी बहुल जिलों से निकलेगी राहुल गांधी की यात्रा

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी आदिवासियों से प्रेम करते हैं और जानते हैं कि गुजरात में आदिवासी लोगों को इंसाफ नहीं मिल रहा है। इसीलिए आदिवासी जिलों से होकर जाने वाला रूट भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए चुना गया है।

आपको बता दें कि चैतर वासवा इन दिनों बेल पर जेल से बाहर हैं।उन पर वन अधिकारियों पर हमला करने और उनसे वसूली करने का आरोप है। आम आदमी पार्टी ने चैतर वासवा को गुजरात की भरूच लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। भरूच लोकसभा सीट में देदियापाड़ा विधानसभा भी आती है, जहां से चैतर वासवा विधायक हैं। जब वासवा जेल में बंद थे, तब केजरीवाल उनसे मुलाकात करने गए थे।