कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी राज्यसभा जा सकती हैं। बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य कारणों से वे चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक नहीं हैं। ऐसे में पार्टी उनको राज्यसभा भेजने पर विचार कर रही है। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हें हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा में भेजा जाएगा। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सत्ता में है। यह भी चर्चा में है कि प्रियंका गांधी भी हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा में एंट्री ले सकती हैं। उधर, रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर और वरिष्ठ अर्थशास्त्री रघुराम राजन को कांग्रेस पार्टी अपने कोटे से राज्यसभा में भेज सकती है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि पार्टी उन्हें अपने शासन वाले कर्नाटक से उम्मीदवार बनाएगी। वहां से फिलहाल 4 लोगों के राज्यसभा सदस्य के तौर पर चुना जाना है।

राज्यसभा की 56 सीटों के लिए 27 फरवरी 2024 को मतदान होना है

यह भी चर्चा है कि महाराष्ट्र से भी पार्टी उन्हें राज्यसभा में भेज सकती है। सोनिया गांधी और रघुराम राजन को लेकर पार्टी हाईकमान जल्द ही तय करेगी कि किन राज्यों से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया जाए। राज्यसभा में जाने के साथ ही रघुराम राजन की राजनीति में एंट्री हो जाएगी। राज्यसभा की 56 सीटों के लिए 27 फरवरी 2024 को मतदान होना है। इसके लिए 15 फरवरी तक नामांकन किए जा सकते हैं।

रघुराम राजन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुए थे

रघुराम राजन पिछले काफी समय से कांग्रेस के काफी करीब हैं। वह राहुल गांधी की पिछली भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुए थे और उनकी प्रशंसा भी की थी। मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की कई बार सार्वजनिक रूप से आलोचना कर चुके रघुराम राजन का जन्म 3 फरवरी 1963 को भोपाल में हुआ था।

भारतीय अर्थशास्त्री रघुराम राजन फिलहाल शिकागो बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। 2003 और 2006 तक वह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में मुख्य अर्थशास्त्री और शोध निदेशक रहे हैं। उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में सितंबर 2013 में रिजर्व बैंक का गवर्नर बनाया गया था। इस पद पर वह सितंबर 2016 तक रहे। रिजर्व बैंक के वे 23वें गवर्नर थे।

राज्यसभा चुनाव के कुछ ही समय बाद लोकसभा का चुनाव भी होना है। ऐसे में सभी दलों के लिए ये चुनाव काफी महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं। कांग्रेस के अलावा, बीजेपी, टीएमसी समेत की दलों ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है।