बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा नई मुश्किलों में घिर गए हैं। आनेवाली फिल्म ‘संजू’ में कथित तौर पर सेक्स वर्कर्स पर भद्दे कमेंट करने के मामले में दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। यह मामला ऐसे समय समाने आया है, जब फिल्म 29 जून को रिलीज होने वाली है। यह फिल्म बॉलीवुड स्टार संजय दत्त के जीवन पर बनाई गई है। इसमें रणबीर कपूर मुन्नाभाई फेम संजय दत्त की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, उनके साथ अनुष्का शर्मा भी स्क्रीन साझा करेंगी। अभिनेता संजय दत्त का जीवन उथल-पुथल से भरा रहा है। उन्होंने सिल्वर स्क्रीन पर करोड़ों सिने प्रेमियों का मनोरंजन करने के साथ ही जेल की सजा भी काटी है। संजय दत्त को वर्ष 1993 के बंबई बम धमाके मामले में जेल जाना पड़ा था। उन पर ड्रग्स लेने जैसे गंभीर आरोप भी लगे। अब उनके जीवन को बड़ी स्क्रीन पर उतारा गया है। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया है, जबकि विधु विनोद चोपड़ा निर्माता हैं। रणबीर और अनुष्का के अलावा मनीषा कोइराला, परेश रावल, दिया मिर्जा, सोनम कपूर और विकी कौशल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संजय दत्त खुद के जीवन पर बनी फिल्म को लेकर बेहद रोमांचित हैं। उन्होंने कहा था कि उनके जीवन को बड़ी स्क्रीन पर उतारा जा रहा है, जिसको लेकर उन्हें अजीब तरह का एहसास हो रहा है।
A complaint has been filed against Ranbir Kapoor & Anushka Sharma for allegedly making derogatory remarks against sex workers in the upcoming movie ‘Sanju’.
— ANI (@ANI) June 27, 2018
महिला आयोग में दर्ज कराई गई है शिकायत: फिल्म में कथित तौर पर महिलाओं/सेक्स वर्कर्स के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के मुताबिक, फिल्म के ट्रेलर में अनुष्का और रणबीर ने सेक्स वर्कर्स और महिलाओं को लेकर अपमानजनक डायलॉग बोले हैं। इसमें संबंधित संवाद का जिक्र भी किया गया है। शिकायतकार्ता ने फिल्म के उस संवाद पर आपत्ति जताई है, जिसमें अनुष्का की मुलाकात संजू से होती है और अनुष्का सवाल करती हैं, ‘अपनी बीवी के अलावा और कितनी औरतों के साथ सोए हो?’ इस पर रणबीर कपूर के जवाब पर गंभीर आपत्ति जताई गई है। इस फिल्म के ना सिर्फ इन दो संवाद बल्कि रणबीर और एक्टर विक्की कौशल के संवाद पर भी महिला आयोग में आपत्ति दर्ज कराई गई है। मालूम हो कि फिल्म को सेंसर बोर्ड पहले ही हरी झंडी दे चुका है। हालांकि, इस पूरे विवाद पर फिल्म निर्माताओं या निर्देशक ने कोई टिप्पणी की है। मालूम हो कि आधिकारिक तौर पर ट्रेलर जारी होने के साथ ही फिल्म चर्चा में आ गई थी।