ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हो रहे कॉमनवेल्थ खबरों में भारत के लिए खुशी की खबर है। पदक तालिका में भारत का खाता खुल गया है। भारत की ओर से गुरुराजा ने 56 किलो वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने कुल 249 किलो वजन उठाया। गुरुराजा ने स्नैच में 111 किलो जबकि क्लीन ऐंड जर्क में 138 किलो भार उठाया। स्वर्ण पदक मलेशिया के मोहम्मद अजरॉय हजलवा इजहार अहमद ने जीता। उन्होंने 261 किलो उठाते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकॉर्ड बना डाला। इससे पहले, 260 किलो का रिकॉर्ड था। कांस्य पदक श्रीलंका के चतुरंगा लकमल ने जीता, जिन्होंने कुल 248 किलो भार उठाया। इससे पहले, बैडमिंटन के मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने श्रीलंका को 3-0 से हराया।

कुछ निराशा भी लगी हाथ
वहीं, महिला हॉकी में थोड़ी निराशा हाथ लगी, जहां पहले मैच में वेल्स से टीम इंडिया 2-3 से हार गई। वेल्स ने गोल्ड कोस्ट हॉकी सेंटर में खेले गए मैच में यह मैच जीता। बता दें कि यह यह वेल्स की भारत पर हॉकी इतिहास में दर्ज की गई पहली जीत है। दरअसल, इन मैच में भारत को 15 पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वो सिर्फ एक को ही गोल में तब्दील कर पाईं। उधर, भारतीय तैराक श्रीहरी नटराज पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक में हारकर बाहर हो गए। नटराज को हीट-1 में आठ खिलाड़ियों में पांचवां स्थान मिला।

उन्होंने 56.72 सेकेंड का समय निकाला। इस हीट में पहले नंबर पर इंग्लैंड के इलियट क्लोग थे, जिन्होंने 55.08 का समय निकाला। हालांकि, एक अन्य भारतीय तैराक साजन प्रकाश ने 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली। उन्होंने हीट-5 में पहला स्थान हासिल करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। साजन हीट-5 में 25.11 सेकेंड का वक्त निकाला।