आमतौर पर बहुत कम रेलवे यात्रियों को इस बात की जानकारी होती है कि भारतीय रेलवे स्टेशनों में कई जगह ‘क्लॉक रूम’ की सुविधा होती है। रेलवे द्वारा मुहैया कराए गए इन क्लॉक रूम में यात्री अपना सामान सुरक्षित रख सकते हैं और अपनी सुविधानुसार इसे वापस निकाल सकते हैं। ऐसे में हम यहां आपको ऐसी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी देने जा रहे हैं जहां आप स्टेशनों पर मौजूद क्लॉक रूम का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि इस सुविधा के लिए आपको कुछ पैसे खर्च करने होंगे। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे की वेबसाइट के मुताबिक एक निर्धारित चार्ज पर यात्री स्टेशनों पर मुहैया कराए क्लॉक रूम में अपना सामान रख सकते हैं। इसमें यात्रियों को सामान पूरी सुरक्षा से रखा जाएगा। क्लॉक रूम में सामान रखने के बदले एक रसीद दी जाएगी, जिसको दिखाने पर यात्री अपना सामान दोबारा हासिल कर सकेंगे। रसीद में उस वक्त ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के हस्ताक्षर होंगे। सुरक्षा की दृष्टि को ध्यान में रखते हैं क्लॉक रूम में रखा गया सामान तब तक वापस नहीं दिया जाएगा जब तक उक्त यात्री कर्मचारी को रसीद नहीं दिखा देता।
वेबसाइट पर दी जानकारी के मुताबिक यात्री क्लॉक रूम में बैग, ट्रैवल बैग इत्यादि रखने से पहले इस बात की पुष्टि कर लें की सामान उनका सुरक्षित रखा गया है। क्लॉक रूम का किराया इस प्रकार तय किया गया है- पहले 24 घंटे के लिए क्लॉक रूम 15 रुपए में मुहैया कराया जाएगा। इसमें यात्री 10 रुपए यूनिट के हिसाब से अपना सामना रख सकते हैं। अगले चौबीस घंटे के लिए लॉकर के लिए 20 रुपए खर्च करने होंगे और 12 रुपए यूनिट के हिसाब से सामान का चार्ज देना होगा। इसके अलावा यात्री दो दिन से ज्यादा समय तक लॉकर में अपना सामान रखते हैं तो इसके लिए 25 रुपए लॉकर के लिए खर्च करने होंगे और 15 रुपए प्रति यूनिट के हिसाब से भुगतान करना होगा।
वेबसाइट के मुताबिक यात्रियों को तीन रुपए वापस भी कर दिए जाएंगे अगर वह लॉकर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाते यानी इसका इस्तेमाल सावधानी से करते हैं। गौरतलब है कि यात्रियों को चेतावनी भी दी गई है कि वो विस्फोटक सामान लॉकर में नहीं रखे। कोई यात्री ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है तो यह दंड का कारण बन सकता है।

