राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं में भिड़ंत हुई है। इस बार मामला पूर्वी दिल्ली नगर निगम का है, जहां मंगलवार (5 फरवरी) को सदन के अंदर दोनों दलों के पार्षद आपस में भिड़ गए। दरअसल, बजट पर सदन की बैठक बुलाई गई थी लेकिन बजट पर चर्चा करने की जगह दोनों दलों के पार्षद आपस में उलझ गए। हंगामे की शुरुआत भाजपा पार्षद की टिप्पणी से शुरु हुई। आप का आरोप है कि भाजपा के पार्षद रोमेश गुप्ता ने नोमिनेटेड पार्षद हसफुल हसन पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
इससे नाराज आप के पार्षद मेयर की कुर्सी तक पहुंच गए। हंगामा इतना बढ़ा कि आप पार्षदों ने भाजपा पार्षदों पर हमला बोल दिया। यहां तक कि भाजपा से ताल्लुक रखने वाले मेयर विपिन बिहारी सिंह की उंगली भी मरोड़ दी। जब मार्शल ने सदन में पहुंचकर विपक्ष के नेताओं को बाहर करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। किसी पार्षद ने एक मार्शल के सिर पर शीशे से हमला कर दिया। इस तरह करीब चार घंटे तक सदन में उत्पात होता रहा। इस बीच दोनों पक्ष के पार्षद एक-दूसरे को गाली-गलौज देते रहे। रह-रहकर उनके बीच मारपीट तक होती रही।
भाजपा पार्षद संजय गोयल ने आरोप लगाया है कि छोटी से बात पर आप के पार्षद मारने दौड़े थे। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी के किसी पार्षद ने कोई टिप्पणी की है तो वो स्वयं माफी मांगेगे और खुद इसके लिए जिम्मेदार होंगे लेकिन इस तरह पार्टी के सभी पार्षदों के साथ विपक्ष का उलझना अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि आप ने सदन में अराजकता पैदा कर सदन का गरिमा तार-तार की है। गोयल ने आरोप लगाया कि आप पार्षदों ने गालियां भी दीं।

