देशभर में पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से शुक्रवार को क्रिसमस का त्योहार मनाया गया। ईसा मसीह का जन्मदिन मनाने के लिए लोग भारी संख्या में चर्चों में एकत्र हुए। दिल्ली, गोवा, केरल, मेघालय और तमिलनाडु समेत पूरा देश क्रिसमस के जश्न में डूबा दिखाई दिया। क्रिसमस और नए साल के जश्न के कारण गोवा में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। हर जगह लोगों का हुजूम है। कई स्थानों पर पारंपरिक नृत्य समारोहों का आयोजन किया गया है।

राज्य भर में ईसा मसीह के जीवन के प्रतीक के रूप में घरों के बाहर पालने स्थापित किए गए हैं। मेरी इम्मैक्युलेट कंसेप्शन चर्च के एक पादरी जॉन रोड्रिग्स ने कहा, ‘सबसे बड़ा पालना वेलसाओ में है। युवक हर आकार के पालनों के सेट खरीदने में व्यस्त है।’ पणजी चर्च में भी एक बड़े आकार का पालना स्थापित किया गया है जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। मुख्य पादरी फिलिप नेरी फेराओ ने क्रिसमस की बधाई दी। इस बीच केरल में भी धूमधाम से क्रिसमस मनाई गई। इस अवसर पर चर्चों में वरिष्ठ पादरियों ने क्रिसमस पर संदेश दिए। पट्टम में सायरो मलंकारा कैथोलिक चर्च के सेंट मेरी कैथेड्रल में कार्डिनल मार बेसलियोस क्लीमिस ने आधी रात को प्रार्थना का नेतृत्व किया। पलायम में सेंट जोसेफ मेट्रोपोलिटन कैथेड्रल में प्रधान पादरी सूसा पाकियम ने प्रार्थना का नेतृत्व किया।

केरल के राज्यपाल पी सदाशिवम, मुख्यमंत्री ओमन चांडी, विपक्ष के नेता वीएस अच्युतानंदन और विभिन्न दलों के नेताओं ने लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। मेघालय की राजधानी शिलांग में सरकारी और निजी इमारतों को क्रिसमस ट्री, बैनरों और बंदनवारों से सजाया और रोशन किया गया। पुलिस बाजार में सबसे पुरानी चर्चों में से एक चर्च में मूक बधिरों के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिलांग कैथोलिक कैथेड्रल में मुख्य पादरी रेव डोमिनिक जाला ने प्रार्थना का नेतृत्व किया।

मेघालय के राज्यपाल ने वी षणमुगनाथन ने कहा, ‘हम शांति, सहनशीलता, दया, प्रेम और भाईचारे का मूल्यवान और शाश्वत संदेश देने वाले ईसा मसीह का जन्मदिन मनाते हैं।’ मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने कैबिनेट मंत्रियों की ओर से बधाई देते हुए कहा, ‘हम एक बार फिर उनका जन्मदिन मना रहे हैं। ऐसे में ईश्वर करे कि हमारे दिलों में अनंत आनंद और शांति के साथ प्रेम और दया की भावना बनी रहे।’

तमिलनाडु में भी क्रिसमस का त्योहार पूरे हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल के रोसैया, मुख्यमंत्री जे जयललिता, द्रमुक अध्यक्ष एम करूणानिधि और अन्य नेताओं ने लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। इस बीच मिजोरम में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर विभिन्न आरोपों में 98 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 77 लोगों को शराब पीकर हंगामा करने के मामलों में गिरफ्तार किया गया। मिजोरम में 20 फरवरी, 1997 से मिजोरम मद्य पूर्ण प्रतिबंध कानून 1995 लागू था जिसके स्थान पर गत 15 जनवरी से मिजोरम मद्य प्रतिबंध व नियंत्रण कानून, 2014 लागू किया गया। नगालैंड में भी हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस मनाया गया।

इस बीच श्रीनगर से मिली खबर के अनुसार कश्मीर में क्रिसमस का त्योहार जोश व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पूरी घाटी में गिरजाघरों में सामूहिक और विशेष प्रार्थनाएं की जा रही हैं। सबसे बड़ी सामूहिक प्रार्थना का आयोजन श्रीनगर शहर के बीचोबीच मौलाना आजाद रोड स्थित होली फैमिली कैथोलिक चर्च में किया गया। इस गिरजाघर में ईसा मसीह का जन्मदिन मनाने के लिए सैकड़ों ईसाई एकत्रित हुए। होली फैमिली कैथोलिक चर्च के पादरी फादर रॉय मैथ्यूज ने कहा कि हमने विश्व शांति एवं विशेष तौर पर कश्मीर में शांति के लिए प्रार्थना की। हम सभी भाई बहनों के लिए शांति की कामना करते हैं। ईश्वर सभी को प्यार करते हैं और मनुष्य भी एक साथ त्योहार मनाकर और एक दूसरे को उपहार देकर आपस का वह प्रेम प्रदर्शित करते हैं। इसी तरह की प्रार्थनाओं का आयोजन शहर में सेंट ल्यूक चर्च और आल सेंट्स चर्च, उत्तर कश्मीर के बारामुला स्थित सेंट जोसेफ्स चर्च, जम्मू कश्मीर के सबसे पुराने कैथोलिक चर्च और गुलमर्ग स्थित चर्च में भी हुआ।

देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटकों ने भी इस मौके पर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर विश्व शांति एवं भाईचारे के लिए प्रार्थना की। यद्यपि लोगों को क्रिसमस के मौके पर बर्फबारी की कमी महसूस हुई क्योंकि घाटी में हिमपात नहीं हुआ। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल वोहरा, मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने लोगों को क्रिसमस की बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह मौका शांति, सौहार्द, प्रगति और समृद्धि का सूचक होगा। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, ‘ईसा मसीह का जन्मदिन क्रिस्मस के रूप में मनाया जाता है और यह शांति व सद्भाव को फिर से रोशन करता है। आइए भाईचारे और एक सच्चा व धार्मिक जीवन जीने का संकल्प लें।’ पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘सभी को क्रिसमस की बधाई। उम्मीद करता हूं कि सेंटा क्लाज उनके प्रति उदार रहेंगे जिन्होंने इस वर्ष अच्छा व्यवहार किया है।’