पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अमृतसर के गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में एक भाषण दे रहे थे। इसी दौरान अचानक मंच पर एक महिला आ जाती है और इसके बाद जो हुआ उसने वहां बैठे सभी को सीएम मान की तारीफ करने पर मजबूर कर दिया।
दरअसल महिला मंच पर भगवंत मान को राखी बांधने के लिए आई थी। भगवंत मान महिला के आने पर उसका स्वागत करते हैं और उससे राखी बंधवाते हैं। इसके बाद महिला भगवंत मान को राखी बांधती है और सीएम मान उसे आशीर्वाद देते हैं। भगवंत मान महिला के साथ तस्वीर भी खिंचवाते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र बांटने के लिए आए थे। सीएम मान ने इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र बांटे।
ममता बनर्जी ने अमिताभ बच्चन को बांधी राखी
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मुंबई पहुंची है। इस दौरान वह अचानक अमिताभ बच्चन के घर जलसा पहुंच गई। यहां पर उन्होंने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को राखी बांधी। इस मुलाकात की कई तस्वीरें भी सामने आई हैं। अमिताभ बच्चन रक्षाबंधन के मौके पर ममता बनर्जी को अपने घर पर चाय के लिए इनवाइट किया था। बता दें कि अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया बच्चन के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अच्छे संबंध हैं। पिछले साल अमिताभ बच्चन ने कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लिया था। इस दौरान ममता बनर्जी ने अमिताभ बच्चन के लिए भारत रत्न की वकालत की थी।
बता दें कि मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को इंडिया एलायंस की बैठक होने वाली है। इसी बैठक के मद्देनजर ममता बनर्जी मुंबई पहुंची हैं। इस बैठक में 28 दल शामिल होंगे और इसमें मोदी सरकार के खिलाफ रणनीति बनेगी। माना जा रहा है कि बैठक में ही इंडिया एलायंस का नया लोगो भी जारी किया जाएगा। बैठक से पहले उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी को कोई बचाने वाला नहीं है।