लेखक चेतन भगत और सांसद शशि थरूर देश में दो काफी चर्चित व्यक्ति हैं और एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से चेतन भगत ने शशि थरूर के साथ ट्विटर पर दिलचस्प वार्तालाप किया। दरअसल हाल ही में एबीपी न्यूज़ का आइडियाज ऑफ इंडिया कार्यक्रम संपन्न हुआ और उस कार्यक्रम में शशि थरूर और चेतन भगत दोनों व्यक्ति मौजूद थे। कार्यक्रम में चेतन भगत ने शशि थरूर के साथ एक फोटो क्लिक की थी और उसे शनिवार को अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर कर दिया।
चेतन भगत ने शशि थरूर के साथ खींची गई अपनी फोटो को शेयर करते हुए लिखा कि, “देश में दो प्रकार की अंग्रेजी है। एक शशि थरूर की अंग्रेजी और दूसरी चेतन भगत की अंग्रेजी।” चेतन भगत ने अपने ट्वीट में शशि थरूर को टैग भी किया। चेतन भगत के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए शशि थरूर ने लिखा कि, मेरे प्यारे चेतन भगत , #ABPIdeasOfIndiaSummit में आपसे मिलकर बहुत खुशी हुई। चेतन भगत अब आप इसे अंग्रेजी में कैसे कहेंगे?” शशि थरूर ने भी अपने ट्वीट में चेतन भगत को टैग किया।
चेतन भगत ने शशि थरूर के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा कि, “चलो शशि जी, इतनी अंग्रेजी तो मैं भी समझता हूँ। क्या आप नीचे दिए गए इस वाक्य में और शशि थरूर वाला तड़का दे सकते हैं। वो बड़े लंबे शब्द, मज़ा आए थोड़ा।”
शशि थरूर और चेतन भगत के बीच इस वार्तालाप पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी दिलचस्पी दिखाई। कई लोगों ने तंज कसा तो कई लोगों ने समर्थन भी किया। चेतन भगत के ट्वीट पर कमेंट करते हुए राजेश शुक्ला ने लिखा कि, “बहुत खूब! फ़िराक गोरखपुरी साहब की कही एक बात याद आगयी.- हिंदुस्तान में सही अंग्रेज़ी सिर्फ ढाई लोगों को आती है. एक मैं, एक डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन और आधा जवाहरलाल नेहरू!”
बता दें कि चेतन भगत देश के जाने माने लेखक है और युवा इनकी किताबों को पसंद करते हैं। चेतन भगत कई चर्चित मुद्दों पर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी राय भी व्यक्त करते हैं। जबकि शशि थरूर थिरुअनंतपुरम से कांग्रेस के लोकसभा सांसद हैं। शशि थरूर की अंग्रेजी काफी प्रसिद्ध है और अपनी अंग्रेजी के माध्यम से वह सोशल मीडिया पर हमेशा चर्चा का केंद्र बने रहते हैं।