चंद्रयान-3 का 14 जुलाई को प्रक्षेपण किए जाने से लेकर आज चंद्रमा की सतह पर इसकी ‘साफ्ट लैंडिंग’ तक भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अनूठी पहल करते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इसके अहम दृश्यों का प्रसारण किया जिससे लाखों लोग ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

चंद्रयान-3 की आज शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक ‘साफ्ट लैंडिंग’ पर इसरो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘चंद्रयान-3 मिशन : भारत, मैं अपने गंतव्य पर पहुंच गया हूं और आप भी।’ इसी तरह इस पूरे अभियान के दौरान इसरो के सोशल मीडिया हैंडल से भारत के महत्वाकांक्षी चंद्र मिशन की जानकारी देते हुए बीच-बीच में हल्के-फुल्के अंदाज में पोस्ट किए जाते रहे जिसमें ‘स्वागत है दोस्त’ और ‘सफर के लिए शुक्रिया, दोस्त’ शामिल हैं, ताकि आम जन तकनीकी शब्दावली में फंसे बगैर साधारण शब्दों में इससे जुड़ सकें।

सोमवार को जब चंद्रयान-3 के लैंडर माड्यूल का चंद्रयान-2 के कक्षा के साथ संचार स्थापित हुआ तो इसरो ने पोस्ट कर कहा, ‘स्वागत है दोस्त! चंद्रयान-2 कक्षा ने औपचारिक रूप से चंद्रयान-3 लैंडर माड्यूल का स्वागत किया। दोनों के बीच दोतरफा संचार स्थापित हो गया है। एमओक्स (मिशन आपरेशंस काम्पलेक्स) के पास अब लैंडर माड्यूल तक पहुंचने के लिए अधिक मार्ग हैं।

इससे लगभग एक सप्ताह पहले 17 अगस्त को जब चंद्रयान-3 का लैंडर माड्यूल सफलतापूर्वक उसके प्रणोदन माड्यूल से अलग हुआ था तो इसरो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि लैंडर माड्यूल ने कहा, यात्रा के लिए धन्यवाद, दोस्त! हाथ हिलाते हुए एक इमोजी के साथ किए इस पोस्ट को मंगलवार तक करीब 55 लाख लोग देख चुके थे। चंद्रयान-3 के पूरे सफर के दौरान इसरो के सोशल मीडिया हैंडल से ऐसे पोस्ट किए जाते रहे जो जनता का ज्ञान और उत्साह बढ़ाते रहे हैं।