भारत का चंद्रयान 3 अब चांद पर अपना सफर शुरू कर चुका है। सफल लैंडिंग के बाद अब जिस उदेश्य से उसे वहां भेजा गया था, उसका शुभांरम हो गया है। प्रज्ञान रोवर इस समय बेहद ही धीमि गति से चांद की परिक्रमा कर रहा है, वो दक्षिणी ध्रुव के आसपास ही घूम रहा है। उसकी रफ्तार कम जरूर है, लेकिन नजर एकदम बाज जैसी, इसी वजह से लगातार शानदार क्वालिटी की तस्वीरें इसरो तक पहुंचाई जा रही हैं।

मून मिशन का नया वीडियो

अब इसरो ने सोशल मीडिया पर भारत के मून मिशन का एक और वीडियो जारी किया है। उस वीडियो में प्रज्ञान रोवर उसी प्वाइंट के पास घूम रहा है, जिसे शिव शक्ति का नाम दिया गया है। कल ही इसरो वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि जहां पर विक्रम लैंडर लैंड किया है, उस जगह को शिव शक्ति नाम दिया गया। उनका तर्क था कि इस प्रोजेक्ट में महिलाओं की भी अहम भागीदारी रही, ऐसे में उनके लिए इससे बड़ा सम्मान नहीं हो सकता।

इसरो के अपकमिंग प्रोजेक्ट

इस समय प्रज्ञान उसी क्षेत्र में धीरे-धीरे घूम रहा है, उसकी तरफ से डेटा इकट्ठा किया जा रहा है। वैसे ऐसा नहीं है कि इसरो इस एक सफलता के बाद रुकने वाला है। इसरो चीफ एस सोमनाथ ने कहा है कि भारत चांद, मंगल या शुक्र तक पहुंचने में पूरी तरह सक्षम है, सिर्फ आत्मविश्वास और बेहतर निवेश की जरूरत है। उन्होंने इस बात की भी जानकारी दी कि सूर्य का अध्ययन करने वाली पहली अंतरिक्ष-आधारित आदित्य-एल1 सितंबर के पहले हफ्ते में लॉन्च की जा सकती है। 125 दिनों में वो एल 1 प्वाइंट तक पहुंचेगी।

इसरो चीफ ने इस बात पर भी खुशी जाहिर की कि चंद्रयान 3 का हर पहलू 100 फीसदी सफल रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू होने के बाद से लैंडिंग तक, कहीं कोई दिक्कत नहीं आई और सबकुछ तय रणनीति के मुताबिक चलता रहा।