Chandrayaan-3 Landing: चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद पूरे देश में खुशी का माहौल है। चंद्रयान-3 मिशन की कामयाबी के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने ISRO की टीम और सभी देशवासियों को दक्षिण अफ्रीका से बधाई दी। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने खास तौर पर ISRO चीफ एस सोमनाथ को फोन कॉल कर बधाई दी।

पीएम नरेंद्र मोदी ने इसरो चीफ एस सोमनाथ से मोबाइल पर बातचीत में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “सोमनाथ जी, आपका नाम सोमनाथ है और सोमनाथ नाम चंद्र से जुड़ा हुआ है। इसलिए आज आपके परिवारजन भी बहुत आनंदित होंगे। मेरी तरफ से आपको और आपकी पूरी टीम को बहुत – बहुत बधाई। सबको मेरी तरफ से अभिनंदन कह दीजिए और हो सके तो उतना जल्दी मैं आपको रूबरू में भी बधाई दूंगा। बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बहुत-बहुत नमस्कार।”

इससे पहले चंद्रयान-3 की लैंडिंग के तुरंत बाद देश को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब हम अपनी आंखों के सामने ऐसा इतिहास बनते हुए देखते हैं तो जीवन धन्य हो जाता है। ऐसी ऐतिहासिक घटनाएं राष्ट्रीय जीवन की चिरंजीव चेतना बन जाती है। उन्होंने कहा कि यह पल अविस्मरणीय है, यह क्षण अभूतपूर्व है, यह क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। यह क्षण नए भारत के जयघोष का है। यह क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। यह क्षण जीत के चंद्र पथ पर चलने का है। यह क्षण 140 करोड़ धड़कनों के सामर्थ्य का है। यह क्षण भारत में नयी ऊर्जा, नए विश्वास, नयी चेतना का है।

NASA ने भी ISRO को बधाई दी

चंद्रयान- 3 मिशन की सफल लैंडिंग पर अमेरिका की स्पेस एजेंसी NASA ने भी भारत को बधाई दी है। NASA के बिल नेल्सन ने कहा कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी इस मिशन में ISRO की “साझेदार” बनकर खुश है। भारत का चंद्रयान-3 सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ के साथ चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में उतरने वाला दुनिया का पहला नेल्सन ने X पर पोस्ट किया, “चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग पर इसरो को बधाई! और चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। हम इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुश हैं!”