इसरो ने चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर से ‘विक्रम’ लैंडर को सफलतापूर्वक अलग कर दिया जो सात सितंबर को चांद की सतह पर उतरेगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि यह प्रक्रिया अपराह्न 12 बजकर 45 मिनट पर शुरू हुई और एक बजकर 15 मिनट पर ऑर्बिटर से ‘विक्रम’ अलग हो गया। इसरो के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ जी हां, यह सफलतापूर्वक अलग हो गया।’’ लैंडर अब सात सितंबर को चांद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में रात एक बजकर 55 मिनट पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करेगा। लैंडर के चांद की सतह पर उतरने के बाद इसके भीतर से ‘प्रज्ञान’ नाम का रोवर बाहर निकलेगा और अपने छह पहियों पर चलकर चांद की सतह पर अपने वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम देगा।
बता दें कि चंद्रयान-2 अंतरिक्ष यान को चंद्रमा की कक्षा की ओर आगे बढ़ाने की प्रक्रिया 28 अगस्त, 2019 सफलतापूर्वक संपन्न की थी। इसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार नौ बजकर चार मिनट पर हुई थी। इस दौरान यान में मौजूद प्रणोदन प्रणाली का इस्तेमाल किया गया था। इस प्रक्रिया में 1190 सेकेंड लगे। और फिर यान 179 किलोमीटर गुणा 1412 किलोमीटर की कक्षा में गया।’’ उसने कहा, ‘‘अंतरिक्ष यान के सभी मापदंड सामान्य है। इस तरह की अगली प्रक्रिया को 30 अगस्त 2019 को भारतीय समयानुसार शाम छह बजे से सात बजे के बीच अंजाम दिया जाएगा।’’ ‘चंद्रयान-2’ ने 20 अगस्त को चांद की कक्षा में सफलतापूर्वक प्रवेश किया था।
इससे पहले इसरो ने 21 अगस्त को ‘चंद्रयान-2’ की चंद्रमा की ओर आगे बढ़ाने की दूसरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यान से ली गई चंद्रमा की तस्वीरों के दो सेट जारी किए थे। यान को चांद की सतह से लगभग 100 किलोमीटर की दूरी पर चंद्र ध्रुवों के ऊपर से गुजरती अंतिम कक्षा में पहुंचाने के लिए अभी इस तरह की तीन और प्रक्रियाओं को अंजाम दिया जाएगा।

