पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर चंडीगढ़ नगर निगम ने 29,390 हजार रुपये का फाइन लगाया है। बता दें कि शुक्रवार को नगर निगम की तरफ से वडिंग को एक नोटिस भेजा गया। जिसमें शहर में बिना अनुमति पोस्टर और बैनर लगाने के लिए जुर्माना लगाया। अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को बीते 9 अप्रैल को पंजाब कांग्रेस की जिम्मेदारी दी गई थी।

दरअसल 22 अप्रैल को सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन में पंजाब के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वडिंग का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान उनके स्वागत में नियमों की अनदेखी की गई। बता दें कि आयोजन के दौरान पेड़ों पर पोस्टर व बैनर लगाये गए थे। जिसपर आयुक्त आनिंदिता मित्रा के निर्देश पर वडिंग को निगम ने नोटिस भेजने के साथ ही सभी पोस्टरों को जब्त कर लिया।

बता दें कि कुछ ऐसा ही पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण समारोह में भी देखने को मिला था। हालांकि उस दौरान नगर निगम की तरफ से कोई कार्रवाई देखने को नहीं मिली थी। वडिंग के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहते पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है।

दरअसल चंडीगढ़ शहर में पेड़ों पर विज्ञापन लगाना और प्रचार-प्रसार करना गैर कानूनी है। ऐसे में शपथ समारोह में इसकी अनदेखी होने पर अतिरिक्त आयुक्त रूपेश कुमार की टीम ने सभी होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर उतरवा दिया और जब्त कर लिया।

बाद में निगम की तरफ से कांग्रेसी नेता को नोटिस भी जारी किया गया। बता दें कि इस तरह की यह पहली कार्रवाई है कि जब किसी नेता के पोस्टर बिना अनुमति लगाने पर जुर्माना लगाया गया है।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने 9 अप्रैल को एक प्रेस रिलीज में जानकारी दी थी कि अमरिंदर सिंह बराड़ (राजा वडिंग) को पंजाब कांग्रेस प्रमुख, भारत भूषण आशु को पंजाब कांग्रेस कमेटी का वर्किंग प्रेसीडेंट बनाया गया है। इसके अलावा पंजाब कांग्रेस विधायक दल का नेता प्रताप सिंह बाजवा को और राजकुमार छब्बेवाल को विधायक दल का उपनेता नियुक्त किया गया है।