बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर कुछ लोग केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच की मांग कर रहे थे। इसे लेकर एक जनहित याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी। कोर्ट ने इसपर सुनवाई करने से इंकार कर दिया है। अदालत ने इस याचिका को खारिज कर दिया और कहा कि पुलिस को इस मामले की जांच करने दीजिए।
शीर्ष अदालत ने कहा कि याचिका दायर करने वाली याचिकाकर्ता अलख प्रिया का इस मामले में कोई लेना देना नहीं है। अदालत ने याचिकाकर्ता को कहा कि वह बॉम्बे हाईकोर्ट जाएं। इससे पहले महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा था कि इस मामले में सीबीआई जांच की जरुरत नहीं है। मुंबई पुलिस इसकी जांच में सक्षम है। सुशांत ने 14 जून को मुंबई में बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या के पीछे क्या वजह थी इसका अबतक पता नहीं लगा है। मुंबई पुलिस सुशांत की मौत के पीछे का कारण जानने में जुटी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिहार पुलिस ने सुशांत की बहन मीतू सिंह और उनके दोस्त महेश कृष्णा शेट्टी का बयान दर्ज किया। अपने बयान में मीतू ने रिया पर कई आरोप लगाए हैं। सुशांत की बहन ने पुलिस को बताया कि रिया ने सुशांत को पूरी तरह अपने वश में रखा हुआ था। उन्होंने कहा कि रिया उसे भूत-प्रेत की कहानियां सुनाती थी, ताकि वह घर खाली कर दे और उसने ऐसा ही किया।
बिहार पुलिस अब सुशांत सिंह के बैंक खाते की जांच कर रही है। इसके अलावा पुलिस उन डॉक्टरों से पूछताछ करेगी न्होंने सुशांत का इलाज किया था। मालूम हो कि सुशांत के पिता केके सिंह ने एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिसके बाद से बिहार पुलिस इस केस की तहकीकात कर रही है। इस केस में पुलिस अबतक 40 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज कर चुकी हैं।