Lok Sabha, Assembly Bypoll Results 2022 Updates: उत्तर प्रदेश के रामपुर लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी ने बड़ा उलटफेर किया है। बता दें कि सपा के दिग्गज नेता आजम खान का गढ़ माने जाने वाली रामपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी घनश्याम लोधी ने लगभग 42 हजार से जीत हासिल की है। उन्होंने सपा प्रत्याशी और आजम के करीबी आसिम राजा को परास्त किया है। वहीं आजमगढ़ में भी कमल खिला है।
आजमगढ़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद दिनेश लाल यादव ने कहा कि यह आज़मगढ़ की उम्मीद की जीत है। उनको (अखिलेश यादव को) पता था कि वे यहां नहीं जीत पाएंगे इसलिए वे यहां प्रचार करने नहीं आए। यह (आजमगढ़) भाजपा का गढ़ हो चुका है, चप्पा-चप्पा भाजपा हो चुका है।
PM मोदी क्या बोले: इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आजमगढ़ और रामपुर उपचुनाव में जीत ऐतिहासिक है। यह केंद्र और यूपी में डबल इंजन सरकार के लिए व्यापक पैमाने पर स्वीकृति और समर्थन का संकेत देता है। समर्थन के लिए लोगों का आभारी हूं। मैं हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करता हूं।”
इसके अलावा त्रिपुरा विधानसभा की 4 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को तीन पर जीत हासिल हुई है। इसपर पीएम मोदी ने कहा, “मैं त्रिपुरा के लोगों को हमारे विकास का एजेंडा में विश्वास जताने और CM माणिक साहा सहित हमारे उम्मीदवारों को उपचुनाव में जीत का आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। हमारी सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करती रहेगी। मैं कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं।”
आजम खान क्या बोले: रामपुर लोकसभा सीट से पूर्व सपा सांसद आजम खान ने कहा, “इसे न चुनाव कह सकते हैं न चुनावी नतीजे आना कह सकते हैं। 900 वोट के पोलिंग स्टेशन में सिर्फ 6 वोट डाले गए और 500 के पोलिंग स्टेशन में सिर्फ 1 वोट डाला गया… जिस तरह से वोट डाले गए, हम अपने प्रत्याशी की जीत मानते हैं।” न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए आजम खान ने भड़कते हुए कहा, “आप लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं, आपकी चौथी आंख क्या देख रही है। जब आपको ही नहीं दिख रहा तो हम तो पैदाइशी अंधे हैं।”
धर्मेंद्र यादव ने क्या कहा: आजमगढ़ उपचुनाव में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने कहा कि मैं अपनी हार के लिए बसपा-भाजपा के गठबंधन को बधाई दूंगा जो प्रत्यक्ष तौर पर राष्ट्रपति के चुनाव में सामने आया और आजमगढ़ के चुनावों में पहले से चल रहा था। उन दोनों (बसपा और भाजपा के) लोगों को अपनी खुशी का इजहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस चुनाव अखिलेश यादव से हो सकता था, उन्होंने किया।
जीत पर सीएम योगी ने क्या कहा: सीएम योगी ने कहा, “एक बार फिर नकारात्मक सोच और विध्वंसात्मक गतिविधियों के लिए कुख्यात ताकतों को, परिवारवादी ताकतों को स्पष्ट संदेश जनता ने दिया है कि अब परिवारवादियों, जातिवादियों, सांप्रदायिक उन्माद को भड़काने वाली माफिया को प्रश्रय देने वाली पार्टियों को जनता स्वीकार करने वाली नहीं है।”
एक ट्वीट में सीएम योगी ने लिखा, “आजमगढ़ सदर लोक सभा सीट पर उप चुनाव में मिली ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन की भाजपा सरकार’ की लोक-कल्याणकारी नीतियों का सुफल है। भाजपा के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को यह जीत समर्पित है। आभार आजमगढ़ वासियो!”
बसपा प्रत्याशी ने नतीजों से पहले मानी हार: आजमगढ़ में बसपा प्रत्याशी शाह आलम ने नतीजों से पहले ही अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा, “मैं अपनी हार स्वीकार करता हूं। हमारी पार्टी प्रमुख मायावती ने जो कुछ भी संभव था वो किया। मैं लोगों के फैसले को स्वीकार करता हूं। हमारा संदेश जनता तक नहीं पहुंच सका और हमारे प्रयासों में कुछ कमी रह गई।हम 2024 में फिर से लड़ेंगे।”
रामपुर में सपा उम्मीदवार आसिम राजा ने आरोप लगाया कि रामपुर में चुनावों को हथिया लिया गया। लोगों को मतदान तक नहीं करने दिया। जहां 600 मतदान डाले जाने थे वहां 4 वोट डाले गए। जहां 500 वोट डाले जाने थे वहां 9 वोट डाले गए। लोग चुनाव के लिए इतने उदासीन नहीं हैं।
बता दें कि यूपी की रामपुर और आजमगढ़ के अलावा पंजाब की एक लोकसभा सीट संगरुर पर उपचुनाव के नतीजे आज आ चुके हैं। जिसमें शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान ने जीत दर्ज की है।
By-Election Results 2022, Lok Sabha Election Result, Assembly Election Result 2022 Live News Updates In Hindi: देश के तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव का आज परिणाम आना है। पढ़ें पल-पल की अपडेट
चुनाव आयोग के अनुसार झारखंड के मंदार विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की गंगोत्री कुजूर आगे चल रही हैं।
पंजाब के संगरूर से अकाली दल (अमृतसर) की उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह लगातार आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ बढ़त बनाये हुए हैं। भगवंत मान के इस्तीफे के बाद में सीट खाली हुई थी।
राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक आगे चल रहे हैं। बीजेपी के राजेश भाटिया दूसरे नंबर पर चल रहे हैं।
रामपुर से सपा प्रत्याशी मोहम्मद आसिम रजा 5,000 वोटों से बीजेपी प्रत्याशी घनश्याम लोधी से आगे चल रहे हैं।
आजमगढ़ से सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव बीजेपी प्रत्याशी निरहुआ से 10,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। आजमगढ़ में बीएसपी भी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है और 30% वोटों के साथ तीसरे नंबर पर है।
आजमगढ़ से सपा प्रत्याशी से बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ 1500 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।
रामपुर से सपा प्रत्याशी आसिम रजा बीजेपी के घनश्याम लोधी से आगे चल रहे हैं। सपा प्रत्याशी करीब 700 वोटों से आगे चल रहे हैं।
पंजाब के संगरूर लोक सभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझानों में अकाली दल उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह मान आगे चल रहे हैं। भगवंत मान के इस्तीफे के कारण यह सीट खाली हुई थी।
आजमगढ़ से सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव ने काउंटिंग के दौरान हंगामा कर दिया और प्रशासन पर बड़ा आरोप लगा दिया। दरअसल गेट को लेकर कन्फ्यूजन थी और धर्मेंद्र यादव एक गेट से अंदर जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि ईवीएम मशीन से छेड़छाड़ करने की कोशिश हो रही है।
देश की 3 लोकसभा सीटों और 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। पंजाब के संगरूर लोक सभा सीट पर भगवंत मान, तो वहीं रामपुर लोकसभा सीट पर आजम खान और आजमगढ़ लोकसभा सीट पर अखिलेश यादव की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।
इस उपचुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आजम खान और पंजाब के सीएम भगवंत मान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। आजमगढ़ से जहां पहले अखिलेश यादव सांसद थे, वहीं रामपुर पर आजम खान का कब्जा था। दोनों ने विधायक बनने के बाद अपनी-अपनी सीटों से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यहां उपचुनाव हुए हैं। वहीं पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट से पहले भगवंत मान सांसद थे, सीएम बनने के बाद उन्होंने भी इस सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यहां चुनाव हो रहा है।