वर्तमान मंत्रिमंडल में सात ऐसे मंत्री हैं जो राजनीति में आने से पहले नौकरशाह या अधिकारी रहे हैं। ओडिशा कैडर के पूर्व आइएएस अश्विनी वैष्णव कुछ साल पहले राजनीति में आए और वर्तमान मंत्रिमंडल में रेल और संचार जैसे अहम मंत्रालय संभाल रहे हैं। कई मंत्रालयों में नौकरशाह के रूप में काम कर चुके हरदीप सिंह पुरी के पास आवास व शहरी विकास मंत्रालय के साथ पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय का जिम्मा भी है।
आर.के. सिंह, एस. जयशंकर, सोम प्रकाश, अर्जुन मेघवाल भी रहे हैं अफसर
पूर्व नौकरशाह रहे आरके सिंह के पास वर्तमान मंत्रिमंडल में विद्युत एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी है। विदेश मंत्री एस जयशंकर विदेश सचिव रह चुके हैं। राज्य मंत्री के पद पर सोम प्रकाश और अर्जुन मेघवाल भी पूर्व में नौकरशाह रह चुके हैं। सेना अध्यक्ष रहे जनरल (सेवा.) वीके सिंह वर्तमान में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं।
राजग के अन्य घटकों के तीन सांसद मंत्रिमंडल में
राजग मंत्रिमंडल में कुल 76 मंत्री हैं। इनमें तीन मंत्री घटक दलों के हैं और शेष 73 मंत्री भारतीय जनता पार्टी के हैं। इनमें से प्रधानमंत्री के अलावा 28 कैबिनेट मंत्री हैं। शेष के पास राज्य मंत्री या स्वतंत्र प्रभार है। मंत्रिमंडल में 18 मंत्री राज्यसभा के सदस्य हैं और 58 मंत्री लोकसभा के सदस्य हैं।
राष्ट्रीय जनजांत्रिक गठबंधन के अन्य घटकों के तीन सांसद मंत्रिमंडल में शामिल हैं। इनमें केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस लोक जनशक्ति पार्टी के कोटे से मंत्री हैं। इसके अलावा रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (आठवले) के रामदास आठवले केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता राज्य मंत्री हैं। तीसरी हैं, अपना दल (सोनेलाल) की अनुप्रिया पटेल। अनुप्रिया पटेल वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री हैं।
NDA में भाजपा छोड़कर बाकी दलों के 33 फीसदी सांसद मिनिस्टर हैं
राजग (NDA) के अन्य घटकों के मंत्रियों की संख्या पहले ज्यादा थी। जनता दल (एकीकृत), शिरोमणि अकादली दल और शिवसेना के एनडीए के बाहर होने से इन पार्टियों के मंत्रियों को मंत्रिपरिषद से हटना पड़ा था। राजग में भाजपा के अलावा तीन और घटकों के कुल नौ सांसद हैं। इनमें लोक जनशक्ति पार्टी के छह, अपना दल (सोनेलाल) के दो और रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (आठवले) का एक सांसद है। इन नौ सांसदों में से तीन मंत्री हैं यानी 33 फीसद मंत्री है।
भाजपा के कुल सांसदों में से साढ़े 18 फीसदी मंत्री हैं
इसी तरह अगर भाजपा के कुल सांसदों की तुलना मंत्रियों से की जाए तो यह करीब साढ़े 18 फीसद होता है। भाजपा के लोकसभा में 303 और राज्यसभा में 92 सांसद हैं। यानी भाजपा के पास कुल 395 सांसद हैं जिनमें से 73 मंत्री (प्रधानमंत्री सहित) हैं।