BJP wins Chandigarh Mayor Election: भारतीय जनता पार्टी ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव जीत लिया है। बीजेपी प्रत्याशी मनोज सोनकर को चंडीगढ़ मेयर चुनाव में 16 वोट मिले जबकि उनके सामने चुनाव लड़ रहे आप उम्मीदवार कुलदीप कुमार महज 12 वोट ही हासिल कर सके। इस चुनाव में 8 वोटों को अमान्य घोषित कर दिया गया।

मेयर चुनाव के नतीजे आने के बाद आप पार्टी ने निगम बिल्डिंग में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान AAP की तरफ से मेयर पद उम्मीदवार कुलदीप कुमार भावुक हो गए।

मेयर चुनाव के बाद हुए डिप्टी मेयर चुनाव और सीनियर डिप्टी मेयर चुनाव का आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के पार्षदों ने बहिष्कार किया। दोनों पार्टी के पार्षदों ने विरोध में इस चुनाव में वोट डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद बीजेपी के प्रत्याशी राजिंदर कुमार को चंडीगढ़ नगर निगम का डिप्टी मेयर चुन लिया गया।

चंडीगढ़ मेयर चुनाव रिजल्ट पर आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है।

चंडीगढ़ मेयर पद चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कांफ्रेस में AAP नेता राघव चड्ढा ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव के दौरान हमने जो कुछ भी देखा वह न केवल असंवैधानिक है बल्कि देशद्रोह है… चंडीगढ़ मेयर चुनाव में हमने जो अवैधता देखी उसे देशद्रोह ही कहा जा सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि आज जो हुआ उससे पता चलता है कि मेयर चुनाव के लिए बीजेपी सभी गैरकानूनी हथकंडे अपना सकती है और लोकसभा चुनाव में अपनी हार देखकर क्या करेगी… क्या बीजेपी इस देश को उत्तर कोरिया बनाना चाहती है?

किसके पास कितने वोट?

आपको बता दें कि चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के पास 13 और कांग्रेस पार्टी के पास 7 पार्षद हैं। दोनों दलों के कुल पार्षदों की संख्या 20 हुई जबकि बीजेपी के पार्षदों की संख्या 14 और उसके पास एक वोट चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर का है। इसके अलावा निगम में शिरोमणि अकाली दल के पास भी एक पार्षद है।