Delhi Assembly Polls 2020: नुक्कड़ नाटकों के जरिए भाजपा ने मतदाताओं तक अपना संदेश पहुंचाने की तैयारी की है। ढपली, ताली के संगम से बने नुक्कड़ नाटक, संगीत समेत अन्य माध्यमों से पार्टी एवं प्रत्याशी के साथ केंद्र सरकार की उपलब्धियों तक जनता तक पहुंचाने और राज्य सरकार की नाकामी को उजागर करने के लिए युवा पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। नाटक मंडलियों व थियेटर ग्रुप से जुड़े 20 से 30 उम्र वाले युवा भाजपा के प्रदेश कार्यालय में तैयारी कर रहे हैं। हालांकि नुक्कड़ नाटकों के जरिए वर्तमान में अहम सीएए, एनआरसी की जरूरत के मंचन होंगे या नहीं, इस पर अभी मुहर नहीं लगी है।
बताया गया है कि अभी करीब चार दर्जन नाटक समूहों के जरिए संदेश पहुंचाया जाएगा। आने वाले दिनों में जरूरत और लोकप्रियता के आधार पर इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। प्रत्येक समूह में छह से आठ सदस्य होंगे, जो मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएंगे और भाजपा को दिल्ली में सत्ता पर काबिज होने का संदेश देंगे। इसी के साथ दिल्ली सरकार की खामियों को भी जनता के बीच रखेंगे। राजनैतिक जानकार मान रहे हैं कि सीएए, एनआरसी के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों की काट में रूप में नुक्कड़ नाटक राष्ट्रवाद का संदेश देने वाले साबित हो सकते हैं।
नाटकों के आॅडिशन के लिए अपने साथियों के साथ पहुंचे युवा एस. तिवारी के मुताबिक वे अपनी सोच के आधार पर इस मुहिम से जुड़ रहे हैं। वे राष्ट्रवाद को सबसे ऊपर मानते हैं। सीएए, एनआरसी को लेकर जिस तरह का माहौल इन दिनों चल रहा है, उसकी वास्तविकता लोगों तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक के जरिए प्रचार करेंगे। आॅडिशन के लिए पहुंचे एक अन्य युवा ने बताया कि वे दिल्ली सरकार की नाकामी बताने के लिए नारे, स्लोगन तैयार कर रहे हैं।