आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह जेल से बेल पर बाहर हैं। जेल से छूटने के बाद वह लगातार भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। वहीं भाजपा भी पलटवार कर रही है। अब दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने संजय सिंह पर नौटंकी करने का आरोप लगाया है। वीरेंद्र सचदेवा ने पूछा कि जब संजय सिंह को जमानत मिली थी, तो वह अस्पताल में थे। उसके बाद वह अस्पताल से तिहाड़ जेल तक व्हीलचेयर पर आये और फिर 15 मिनट भी बाद ही कार की छत पर चढ़ गए।

वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा कि जब फिर सहानुभूति लेनी थी तो वह व्हीलचेयर पर आ गए। संजय सिंह को नौटंकीबाज बताते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह लोग सिर्फ नौटंकी करते हैं, मुद्दों की बात नहीं करते हैं।

वीरेंद्र सचदेवा ने संजय सिंह से पूछा कि जब शराब नीति में बदलाव किया जा रहा था, तो उन्होंने रात 1 बजे से 3 तक रेस्टोरेंट मालिकों के साथ बैठक की थी कि नहीं की थी? उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि शराब नीति में बदलाव के नाम पर रेस्टोरेंट मालिकों से पैसे वसूले गए थे और अगर नीति ठीक थी तो इसे बदल क्यों दिया गया।

बुधवार को संजय सिंह तिहाड़ जेल से बाहर आए थे और उसके बाद वह सीधा अरविंद केजरीवाल के आवास गए थे। वहां संजय सिंह ने उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की थी और उसके बाद पैर भी छुए थे। इसी मुद्दे को लेकर वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि तिहाड़ से छूटने के बाद सबसे पहले संजय सिंह केजरीवाल के महल में गए लेकिन दिल्ली की जनता के लिए वह महल बंद रहता है।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि संजय सिंह के अंदर यही ललक है कि उनका नंबर (सीएम बनने का) कब आएगा। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को जांच एजेंसी के सामने झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जाती है। आम आदमी पार्टी भी इस बात से सहमत है कि शराब घोटाला हुआ है और आम आदमी पार्टी के बड़े नेता इसके भागीदार है, जबकि अरविंद केजरीवाल इसके सरगना हैं।