महिला सशक्तिकरण पर बड़े-बड़े दावे करने वाली भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर को लेकर उठे सवाल पर चुप्पी साध गए। महिला समारोह में ही शिरकत करने पहुंचे पात्रा वहां मौजूद पत्रकारों के अकबर पर पूछे गए सवालों पर बचकर निकल गए। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि केंद्रीय विदेश मंत्री एमजे अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है।

संबित पात्रा ने महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर एक समारोह में नारी सशक्तिकरण पर खूब बातें की, लेकिन बाहर निकलने पर मौके पर मौजूद पत्रकारों द्वारा एमजे अकबर पर लगे आरोपों पर सवाल पूछा, तो वो वहां से चुपचाप आगे बढ़ गए। मीडिया ने उनसे पूछा कि महिला सशक्तिकरण की बात हो रही है तो आप अकबर पर क्या कहना चाहते हैं। इस सवाल को सुनते ही संबित पात्रा मुस्कुराते हुए गाड़ी से निकल गए। मीडिया ने कई बार पात्रा से यह सवाल पूछा लेकिन उन्होंने चुप्पी साधे रखी।

बीजेपी नेता की अकबर पर इस चुप्पी को लेकर कांग्रेस ने हमला बोला है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने संबित पात्रा को लेकर लिखा, ‘दौड़ा दौड़ा भागा-भागा सा, अपने नेताओं के दुष्कर्मों को छुपाता सा!’

मी टू आंदोलन के जोर पकड़ने के साथ ‘द एशियन एज’ अखबार में काम कर चुकीं 19 महिला पत्रकार अपनी सहकर्मी प्रिया रमानी के समर्थन में आईं जिन्होंने केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। विपक्ष अकबर पर लगे आरोपों के बाद से उनका इस्तीफा मांग कर रहा है। इन आरोपों को झूठा बताते हुए अकबर ने पत्रकार प्रिया रमाणी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी किया है। अकबर ने प्रिया रमाणी के खिलाफ 97 वकीलों की फौज खड़ी कर दी है।