दिल्ली विधानसभा में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब भारतीय जनता पार्टी की नज़रें बिहार विधानसभा चुनाव पर हैं। जिसके लिए भाजपा ने नया प्लान बनाया है। ‘न्यूज़ 18’ की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 22 फरवरी को पटना जाएंगे। नड्डा का जन्म पटना में ही हुआ था लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के बाद ये पहली बार है जब वे बिहार जाएंगे। बिहार में भाजपा ने 11 जिलों में नए पार्टी कार्यालय बनवाए हैं। 22 फरवरी को सुबह 11 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जेपी नड्डा सभी भाजपा कार्यालय के नये भवनों का उदघाटन करेगें।

भाजपा ने हर जिले में कार्यालय बनाने के लिए जमीन खरीद राखी है। आने वाले समय में सभी जिलों में भाजपा का कार्यालय होगा। फिलहाल 22 फरवरी को नड्डा नवगछिया, भागलपुर, सहरसा, समस्तीपुर, सिवान, गोपालगंज, अरवल, सासाराम, लखीसराय, दरभंगा और औरंगाबाद में बने कार्यालयों का उदघाटन करेंगे। इसके अलावा आने वाले चुनावों के मद्देनज़र वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से उन जिलों के जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों से बात भी करेगें।

बिहार भाजपा अध्यक्ष डा.संजय जायसवाल ने इस बात की जानकारी दी है। जायसवाल ने बताया कि नड्डा उदघाटन के कार्यक्रम के बाद प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक भी करेगें। नड्डा एक कोर कमिटी का भी आयोजन करेंगे इस कमिटी में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा होगी।

बता दें भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा आज पंजाब के दौरे पर पहुंचे। वह शिरोमणि अकाली दल के सरपस्‍त और पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल से मिलने उनके पैतृक गांव बादल पहुंचे। मुलाकात के बाद नड्डा ने कहा कि पूर्व सीएम बादल से उनका पुराना नाता है और वह उनको अपने बेटे की शादी का निमंत्रण देने आए थे।

इस मुलाकात से शिअद और भाजपा के रिश्‍तों में नई गर्माहट की उम्‍मीद है। नड्डा का इस दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्‍वागत किया। सड़कों पर काफी संख्‍या में भाजपा कार्यकर्ता उमड़े और पूरा नजारा भाजपा के शक्ति प्रदर्शन का सा हो गया।