भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेशी धरती पर उनके हालिया बयानों को लेकर निशाना साधा प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि उन्हें देश से बाहर कर देना चाहिए। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने हाल ही में लंदन में ब्रिटिश सांसदों को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया था कि संसद में काम कर रहे माइक्रोफोन को अक्सर विपक्ष के बोलने पर बंद कर दिया जाता है।
भोपाल से बीजेपी की फायरब्रांड सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि चाणक्य ने कहा था कि “विदेशी महिला से पैदा हुआ बेटा कभी भी देशभक्त नहीं हो सकता और राहुल गांधी ने साबित कर दिया। प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि हमने मान लिया है कि आप भारत से नहीं हैं क्योंकि आपकी मां इटली से हैं।
प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा, “कार्य अच्छा हो रहा है लेकिन कांग्रेसी लोग संसद चलने नहीं दे रहे हैं। उनको लगता है कि कार्य अधिक होगा तो हमारा अस्तित्व खतरे में आ जाएगा। उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। आपको देश की जनता ने चुना है, आप जनता का अपमान कर रहे हैं, आप हमारे देश का अपमान कर रहे हैं। भारत को बदनाम कर रहे हैं। कितने वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही और आप ने भारत को खोखला कर दिया।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, “आप विदेशों में बैठकर कहते हो कि हमें संसद में बोलने का अवसर नहीं मिलता है। इससे शर्मनाक बात कुछ और नहीं हो सकती। मैं राहुल गांधी को धिक्कारत हूं। इन पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करना चाहिए कि देश में कैसे ये राजनीति कर रहे हैं। इनको राजनीति का अवसर नहीं देना चाहिए। इनको देश से निकाल कर फेंक देना चाहिए।”
मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने प्रज्ञा ठाकुर पर पलटवार करते हुए उन्हें याद दिलाया कि वह मालेगांव विस्फोट मामले में एक आरोपी थीं। 29 सितंबर, 2008 को उत्तर महाराष्ट्र के सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील शहर मालेगांव में एक मस्जिद के पास एक मोटरसाइकिल में बंधे विस्फोटक उपकरण में विस्फोट होने से छह लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक घायल हो गए थे। प्रज्ञा ठाकुर इस मामले में 2017 से जमानत पर बाहर हैं।