साध्वी प्रज्ञा को आतंकवादी कहे जाने के मामले में भाजपा ने आक्रामक रुख अपनाया है। भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि राहुल गांधी ने एक महिला को आतंकवादी कहकर जघन्य अपराध किया है। भाजपा की तरफ से इस मामले में राहुल गांधी की तरफ से माफी की मांग की गई है।
भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ सदन में विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाया जाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी सांसद को आतंकी कहना महात्मा गांधी की हत्या से भी बदत्तर है। भाजपा सांसद दूबे ने कहा कि कांग्रेस ने उस शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाई है जिसने अपने मुखपत्र सामना में नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहा था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता और लालच के लिए किसी भी सीमा तक जा सकती है। भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने भी ट्वीट कर राहुल गांधी पर निशाना साधा। गिरिराज सिंह ने ट्वीट में लिखा, ‘ राहुल गांधी के पास कोई अधिकार नहीं है कि बिना आधार के किसी भी माननीय सदस्य को आतंकवादी कहें। उन्हें देश और सदन से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।’
भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे पर दिए अपने बयान के लिए माफी मांगी। इसके बाद साध्वी प्रज्ञा ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने माफी के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधा। साध्वी ने कहा कि एक सदन के सदस्य ने मुझे आतंकी कहा। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ कोई आरोप साबित नहीं हुआ है और बिना आरोप साबित हुए आतंकी कहना गैर कानूनी है। उन्होंने कहा कि आतंकी कह कर मेरे सम्मान पर हमला किया गया।
मालूम हो कि राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा था, ‘आतंकी प्रज्ञा ने आतंकी गोडसे को देशभक्त कहा है। यह भारतीय संसद के इतिहास में एक दुखदायी दिन है।’ संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी के लिए पीएम मोदी के मन में कितना सम्मान है ये पूरा देश जानता है।
जोशी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि गोडसे के बारे में सोचना भी गलत है। संसदीय कार्यमंत्री के बयान के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को भोजनावकाश तक दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।