मध्यप्रदेश में होने वाले तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर चल रहे बैठक में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के बीच जमकर बहस हो गयी। मामला बिगड़ता देख चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को बीच बचाव करने के लिए सामने आना पड़ा।
विवाद की शुरुआत वन मंत्री विजय शाह के पहनावे के ढंग को लेकर शुरु हुई। शाह द्वारा कुर्ता को झटकारे जाने को लेकर यशोधरा नाराज हो गयी। उन्होंने विजय शाह से कहा कि ये क्या तरीका है शाह जी। पीछे महिलाएं भी बैठी है। इस बीच इस मुद्दे पर अरविंद भदौरिया ने कह दिया कि विजय जी आप देखा करो वो महाराजा हैं और आप राजा हैं। उनकी इस बात पर यशोधरा भड़क गयी। उन्होंने कहा कि आपको क्या बीच में बोलने की आदत है?
हमेशा बीच में बोलते हैं। भदौरिया ने कहा कि आप बोलने से रोक नहीं सकती हो। आप सीएम नहीं हैं। जिसके बाद यशोधर ने कहा कि ठाकुर! आंखे मत दिखाओ तुम मुझसे बदतमीजी कर रहे हो। बाद में विश्वास सारंग ने बीच बचाव कर मामले को शांत करवाया।
पहले भी हो चुका है विवाद: दोनों ही मंत्रियों में पहले भी कई दफे विवाद हो चुका है।अनौपचारिक कैबिनेट बैठकों में मंत्री किसी न किसी मुद्दे पर एक दूसरे का विरोध करते रहे हैं। कई बार दूसरे मंत्रियों को बीच-बचाव करने के लिए सामने आना पड़ा है।
बताते चलें कि यशोधरा राजे सिंधिया, सिंधिया परिवार से है। ज्योतिरादित्य सिंधिया उनके भतीजे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया को बीजेपी में शामिल करवाने में उनका अहम योगदान माना जाता है। वहीं अरविंद भदौरिया को सीएम शिवराज सिंह चौहान का करीबी माना जाता है। अरविंद भदौरिया ने हाल ही में प्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की भी मांग की थी। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले यशोधरा राजे सिंधिया प्रद्युम्न सिंह तोमर से भी भीड़ गयी थी। हालांकि बाद में दोनों ने ही घटना का खंडन किया था।