चुनावी मौसम में बीजेपी ने हरियाणा में अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। पार्टी की तरफ से नायब सिंह सैनी को ये बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। इस समय नायाब कुरुक्षेत्र से बीजेपी सांसद हैं और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय चल रहे हैं। इस समय हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, अगले साल कभी भी तारीखों का ऐलान हो सकता है। बीजेपी पिछले दो बार से लगातार सत्ता में बनी हुई है, ऐसे में उसके खिलाफ एक सत्ता विरोधी लहर भी चल रही है।
क्यों बदले गए प्रदेश अध्यक्ष?
अब उस लहर के बीच ही बीजेपी ने अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ पार्टी ने अपने राष्ट्रीय सचिव का चयन भी कर लिया है। बीजेपी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ को ये जिम्मेदारी दी गई है। यहां ये समझना जरूरी है कि खट्टर सरकार पर लंबे समय से विपक्ष हमलावर है, कई मुद्दों को लेकर घेरा जा रहा है। इस बीच बीजेपी चाहती है कि किसी तरह से पार्टी की मैसेजिंग और ज्यादा मजबूत बने, जमीन तक जनता के पास सही संदेश जाए।
ओपी धनखड़ ने क्या बोला?
ओपी धनखड़ ने नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि धन्यवाद केंद्रीय नेतृत्व, धन्यवाद प्रदेश टीम भाजपा, धन्यवाद जिला अध्यक्ष- जिला टीम, धन्यवाद मंडल अध्यक्ष- मंडल टीम, धन्यवाद शक्तिकेंद्र प्रमुख- सहप्रमुख, धन्यवाद त्रिदेव- बूथ समिति, धन्यवाद पन्ना प्रमुख. आपने सबने संगठन कार्य हेतु परिश्रम की पराकाष्ठा की – दिल गहराइयों से आभार, नमन आपकी मेहनत को बधाई नायब सिंह सैनी को प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व के लिये.
हरियाणा की बात करें तो यहां पर बीजेपी के सामने कई चुनौतियां चल रही हैं। एक तरफ जाट नाराज बताए जा रहे हैं तो वहीं किसानों के मुद्दे भी समय-समय पर सरकार के लिए चिंता का सबब बन रहे हैं।