बिहार में सत्ताधारी पार्टी राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक राज बल्लभ यादव को पार्टी से सस्‍पेंड कर दिया गया है। उन पर 15 साल की लड़की से बलात्‍कार का आरोप है। यह मामला पिछले सप्‍ताह की सामने आया था, जिसमें पुलिस ने विधायक की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। पार्टी ने गिरफ्तारी के आदेश जारी होने के बाद यह कार्रवाई की है। दूसरी ओर विधायक के बारे में अभी तक कोई खबर नहीं हैं, वह फरार हैं।

पुलिस उपमहानिरीक्षक शालीन ने बताया कि 6 फरवरी को लड़की के साथ दुष्कर्म की शिकायत को सही पाए जाने पर नवादा से विधायक राज बल्लभ यादव के खिलाफ गिरफ्तारी के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित लड़की ने सीआरपीसी की धारा 164 के तहत अपने बयान में विधायक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है तथा उसने विधायक की पहचान भी कर दी है। शालीन ने बताया कि पीडिता से उन्होंने स्वयं बात की है। इस बीच नालंदा जिला से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीड़ित बालिका को विधायक के पास ले जाने वाली महिला सुलेखा देवी के पति अरुण कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नालंदा जिला के पुलिस अधीक्षक विवेकानंद ने बताया कि अरुण कुमार को लहेरी थानांतर्गत कमरुद्दीनगंज मुहल्ला स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया है।

Read Also: Bihar Jungle Raj: दो महीने में 10 बड़े हत्‍याकांड, RJD-JDU नेता भी दिखा रहे दबंगई