राजग को बुधवार को उस समय झटका लगा जब लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के एक सांसद रामाकिशोर सिंह ने रामविलास पासवान की पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया और बिहार विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं मिलने पर दो भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की।

वैशाली संसदीय क्षेत्र से सांसद रामाकिशोर सिंह ने मंगलवार को लोजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान राज्य के प्रभारी व लोकसभा में मुख्य सचेतक के पद से इस्तीफा दे दिया। लोजपा की ओर से राजग के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे में फैसला लेने में कथित तौर पर दरकिनार कर दिए जाने से रामाकिशोर नाराज हैं। लोजपा को 40 सीटें मिली हैं।

हाल में रामविलास के पुत्र और लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा था कि रामाकिशोर सिंह को मना लिया जाएगा पर स्थिति में सुधार नहीं आया और उन्होंने पार्टी पद से इस्तीफा दे दिया। रामाकिशोर ने राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह को पिछले लोकसभा चुनाव में हराया था।


इसी बीच बिहार विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा के दो विधायकों अमन कुमार और अजय मंडल के बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने को उनके धर्मनिरपेक्ष महागठबंधन में शामिल होने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

भागलपुर की पीरपैंती (एससी) विधानसभा सीट से विधायक अमन कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास से निकलने के समय पत्रकारों से कहा कि भाजपा के उन्हें छोड़ दिए जाने से वे किसी अन्य दल में शामिल होने के लिए विवश हैं। हमारा नीतीश जी के साथ बेहतर संबंध रहा है। अजय मंडल, जोकि भागलपुर के नाथनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं, ने भी ऐसे ही विचार व्यक्त किए हैं।